पीकेएल 11 : तेलुगु टाइटंस की जीत में पवन सेहरावत का जबरदस्त प्रदर्शन
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के दौरान पवन सेहरावत की तेलुगु टाइटंस ने तमिल थलाइवाज को 35-34 के अंतर से हराया। टाइटंस की इस सीजन यह लगातार तीसरी जीत है और सीजन पांच के बाद यह पहला मौका है जब तेलुगु टाइटंस ने किसी एक सीजन में लगातार तीन मैच जीते।
इस मुकाबले में तेलुगु टाइटंस के लिए पवन सेहरावत ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और 12 रेड पॉइंट्स हासिल किए। जबकि तमिल थलाइवाज के लिए सचिन तंवर ने शानदार खेल दिखाते हुए 17 रेड पॉइंट्स हासिल किए, बाकी प्लेयर्स से सपोर्ट ना मिलने की वजह से वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

तेलुगु टाइटंस ने काफी जबरदस्त शुरुआत मुकाबले में की। पहले 10 मिनट के अंदर ही टाइटंस ने तमिल थलाइवाज को ऑल आउट कर दिया। कप्तान पवन सेहरावत काफी शानदार लय में नजर आ रहे थे। हालांकि सचिन तंवर ने सुपर रेड करके थलाइवाज की वापसी कराने की कोशिश की।
पहले हाफ में तेलुगु टाइटंस की तरफ से कप्तान पवन सेहरावत चल रहे थे तो तमिल थलाइवाज की तरफ से सचिन तंवर पॉइंट्स ला रहे थे। हालांकि डिफेंस के बेहतर खेल की बदौलत तेलुगु टाइटंस की बढ़त कायम रही। पहले हाफ में स्कोर 20-17 से तेलुगु टाइटंस के पक्ष में रहा।
हालांकि दूसरे हाफ के बाद तमिल थलाइवाज ने वापसी करना शुरु किया और तेलुगु टाइटंस को ऑल आउट दे दिया। इसके बाद मुकाबला लगभग बराबरी पर आ गया। यह मुकाबला तमिल थलाइवाज बनाम तेलुगु टाइटंस कम बल्कि सचिन तंवर vs पवन सेहरावत ज्यादा लग रहा था।
दोनों ही रेडर्स अपनी-अपनी टीमों के लिए जबरदस्त खेल दिखा रहे थे। टाइटंस के लिए अच्छी बात यह थी कि उनका डिफेंस भी अच्छा खेल रहा था और रेडिंग में पवन सेहरावत को आशीष नरवाल का भी जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा था।
जबकि दूसरी तरफ थलाइवाज के लिए सचिन तंवर अकेले पड़ जा रहे थे। नरेंद्र कंडोला उतने पॉइंट्स नहीं ला पा रहे थे। इसी वजह से तेलुगु टाइटंस अपनी लीड को कायम रखने में कामयाब रही। एक प्वॉइंट के अंतर से टाइटंस ने ये मैच जीत लिया।