भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज आज से, विश्व कप फाइनल के बाद अब दोनों के बीच टक्कर
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार मैचों की टी-20 सीरीज का पहला टी-20 आज डरबन में खेला जाएगा। किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड में मैच भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे से शुरू होगा। टॉस 8:00 बजे होगा।

भारत जून में टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को ही हराकर चैंपियन बनी थी। फाइनल के बाद दक्षिण अफ्रीका और भारतीय टीम पहली बार एक दूसरे का सामना करने वाली हैं। दोनों के बीच अब तक 27 टी-20 मैच खेले गए हैं। इसमें भारत 15 और दक्षिण अफ्रीका 11 जीता है। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
पिछली बार भारत ने 2023 में टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों ने 1-1 से सीरीज ड्रॉ खेली थी, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। दोनों के बीच अब तक 9 टी-20 सीरीज खेली गईं, जिनमें भारत ने 4 और दक्षिण अफ्रीका ने 2 जीतीं। जबकि 3 सीरीज ड्रॉ रहीं।
इस साल टी-20 में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। उन्होंने 14 मैचों में 400 से ज्यादा रन बनाए हैं। इनमें 4 फिफ्टी शामिल है। वहीं पेसर अर्शदीप सिंह लीड विकेट टेकर हैं। उन्होंने 14 मुकाबलों में 28 विकेट झटके हैं।
दक्षिण अफ्रीका ओपनर रीजा हेंड्रिक्स इस साल टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। हेंड्रिक्स ने 17 मैचों में 399 रन बनाए हैं। एनरिक नॉर्त्या इस साल टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। इस सीरीज में वे स्क्वॉड का हिस्सा नहीं है। ऐसे में ओटनेल बार्टमैन टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने 10 मैचों में 14 विकेट लिए हैं।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले मैच में रमनदीप सिंह को डेब्यू का मौका दे सकते हैं। इमर्जिंग एशिया कप 2024 में रमनदीप ने गेंद, बल्ले और फील्डिंग में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने आईपीएल के पिछले सीजन में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन भी किया था।
किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड की पिच बॉलिंग फ्रेंडली है। यहां पेसर को ज्यादा मदद मिलती है। यहां अब तक कुल 22 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं।
इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 11 मैचों में जीत मिली है। वहीं 9 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाले टीम को सफलता मिली। यहां दो मैच बेनतीजा रहे। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती/रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और आवेश खान
दक्षिण अफ्रीका : ऐडन मार्करम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, रायन रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, जेराल्ड कूट्जी, ओटनेल बार्टमैन और लूथो सिपाम्ला