ग्रीन पार्क की आउटफील्ड को असंतोषजनक रेटिंग, पढ़े अन्य मैदानों की रिपोर्ट
आईसीसी ने बांग्लादेश के खिलाफ भारत के टेस्ट मैच के लिए इस्तेमाल की गई चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच को बहुत अच्छा माना है जबकि सत्र के दौरान इस्तेमाल किए गए अन्य चार घरेलू केंद्रों को संतोषजनक माना गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल किए गए सभी तीन टेस्ट स्थल – बेंगलुरू का चिन्नास्वामी स्टेडियम, पुणे के गहुंजे में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम और मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम को संतोषजनक रेटिंग मिली।
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम के आउटफील्ड को असंतोषजनक रेटिंग दी है। सरकारी स्वामित्व वाले स्टेडियम की खराब जल निकासी प्रणाली के चलते बांग्लादेश के खिलाफ दो पूरे दिन का खेल हो सका और पिच को संतोषजनक रेटिंग मिलने के बावजूद आउटफील्ड न्यूजीलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की नाराजगी से नहीं बच पाई।
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए इस्तेमाल किए गए ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद की बड़े स्कोर वाली पिचों को बहुत अच्छी रेटिंग मिली है क्योंकि वे सबसे छोटे प्रारूप की आवश्यकताओं के अनुरूप थे।
भारतीय टीम प्रबंधन, बीसीसीआई व स्थानीय क्यूरेटर यह जानकर खुश नहीं होंगे कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड बून ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस्तेमाल की गई किसी भी टेस्ट मैच की पिच को संतोषजनक से बेहतर रेटिंग नहीं दी।
चिन्नास्वामी की पिच में अत्यधिक नमी थी जिसके चलते भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 रन पर ढेर हुई, जबकि पुणे और मुंबई दोनों ही विकेट पूरी तरह से स्पिन के अनुकूल थे जो अच्छे टेस्ट मैच विकेट के लिए निर्धारित मानदंडों का सख्ती से पालन नहीं करते थे।