Trending

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हार की बीसीसीआई ने की मैराथन समीक्षा

बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को मिली 0-3 की हार की समीक्षा की है, जिसमें मुंबई टेस्ट के लिए ‘रैंक टर्नर’ का चयन, जसप्रीत बुमराह को आराम देना और गौतम गंभीर की कोचिंग शैली पर चर्चा हुई।

कप्तान रोहित शर्मा, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगारकर और मुख्य कोच गंभीर के साथ बीसीसीआई सचिव जय शाह और अध्यक्ष रोजर बिन्नी भी इस मैराथन मीटिंग में थे। गौतम गंभीर ऑनलाइन तरीके से शामिल हुए।

साभार : गूगल

सीरीज के दौरान टीम प्रबंधन द्वारा लिए गए कुछ फैसलों के बारे में सवाल पूछे गए। गंभीर की कोचिंग शैली के बारे में भी चर्चा हुई जो उनके पूर्ववर्ती राहुल द्रविड़ से बहुत अलग है और टीम इसे कैसे अपना रही है।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘यह छह घंटे की मैराथन मीटिंग थी जो इस तरह की हार के बाद होनी ही थी।

भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जा रही है और बीसीसीआई यह सुनिश्चित करना चाहेगी कि टीम वापस पटरी पर लौट आए। बोर्ड जानना चाहेगा कि ‘थिंक-टैंक’ (गंभीर-रोहित-अगारकर) इस बारे में क्या सोच रहे हैं।

बीसीसीआई अधिकारी इस बात से खुश नहीं थे कि तेज गेंदबाज और टीम के उप-कप्तान बुमराह को तीसरे टेस्ट के लिए आराम दिया गया और टीम ने पुणे में इसी तरह की पिच पर हारने के बाद ‘रैंक टर्नर’ का विकल्प क्यों चुना।

सूत्र ने बताया, ‘‘बुमराह की अनुपस्थिति पर चर्चा की गई। यह एक एहतियाती कदम था। इन पिचों पर भारत के अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद ‘रैंक टर्नर’ का विकल्प चुनना कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिन पर चर्चा हुई। तीनों को सुझाव देने के लिए कहा गया कि सुधारात्मक उपाय कैसे किए जा सकते हैं।

यह समझा जाता है कि भारतीय टीम के ‘थिंक टैंक’ में कुछ लोग मुख्य कोच के साथ एकमत नहीं हैं। टी20 विशेषज्ञ ऑलराउंडर नितीश रेड्डी और रणजी ट्रॉफी में केवल 10 मैच खेलने वाले नए तेज गेंदबाज हर्षित राणा का चयन सर्वसम्मति से नहीं किया गया है।

भारत 10 और 11 नवंबर को दो टुकड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होगी। 22 नवंबर से पहला टेस्ट बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का खेला जाएगा, जो पर्थ के मैदान पर आयोजित होना है।