चैंपियंस ट्रॉफी से जुड़ा इवेंट आईसीसी ने किया कैंसिल
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से जुड़े एक इवेंट आईसीसी ने कैंसिल कर दिया है, जो पाकिस्तान में होना था। एक तरह से इस इवेंट पर अड़ंगा भारत ने डाला है, कई रिपोर्ट्स में ये बात सामने आ रही है कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी।

भारत के मैच कहां आयोजित होंगे, ये बड़ा मुद्दा है। आईसीसी को 11 नवंबर को लाहौर में टूर्नामेंट के शेड्यूल से जुड़ा एक इवेंट आयोजित करना था, इसे कैंसल कर दिया गया है।
रिपोर्ट की मानें तो भारत द्वारा आठ टीमों की 50 ओवर की प्रतियोगिता के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार करने के बाद के घटनाक्रम से अवगत एक अधिकारी ने कहा, “शेड्यूल की पुष्टि नहीं हुई, हम चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम पर मेजबान और भाग लेने वाले देशों के साथ चर्चा कर रहे हैं।
एक बार पुष्टि हो जाने पर हम अपने सामान्य चैनलों से घोषणा करेंगे। आईसीसी ने इस इवेंट के लिए बड़़े इंतजाम कर रखे थे, क्योंकि 19 फरवरी से शुरू होने वाले इस इवेंट से पहले 100 दिन का काउंटडाउन शुरू होना था। इसी को लेकर इवेंट लाहौर में रखा गया था।
हालांकि, लाहौर में आउटडोर एक्टिविटीज (स्मॉग के कारण) अभी मुश्किल होने के कारण इसे फिर से शेड्यूल किया जा सकता है। वहीं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने कहा कि सोमवार के लिए कोई इवेंट शेड्यूल नहीं है।
यह लगभग स्पष्ट है कि आईसीसी और मेजबान पीसीबी को हाइब्रिड मॉडल अपनाने की आवश्यकता होगी। यह एक ऐसी व्यवस्था है, जिसकी हमेशा से उम्मीद थी।
यहां तक कि पहले ही इसको लेकर प्रावधान किए गए थे और आंशिक स्थानांतरण के लिए बजट स्वीकृत किया गया था। यह बजट पाकिस्तान के बाहर कुछ मैचों की मेजबानी करने की आकस्मिक योजना की अनुमति देता है।