Trending

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का पहला दल रवाना

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया 5 मैच की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आगाज 22 नवंबर से होने जा रहा है। इस टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ कई बैच में ऑस्ट्रेलिया की उड़ान भरेंगे।

साभार : गूगल

पहला बैच रविवार रात मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आया, जिसमें युवा खिलाड़ियों की टोली नजर आई, वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ हेड कोच गौतम गंभीर इस दौरान नजर नहीं आए।

शुभमन गिल ने अपने सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट से यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और अभिषेक नायर के साथ फोटो भी शेयर की थी।

एक समाचार एजेंसी ने टीम इंडिया के पहले बैच का मुंबई एयरपोर्ट पहुंचना का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है। वीडियो में कुछ सपोर्ट स्टाफ के साथ आकाशदीप, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर और यशस्वी जायसवाल बस से उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बीसीसीआई ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड चुना है जिसमें अभिमन्यु ईश्वरन, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा और नितीश कुमार रेड्डी पहले से ही ऑस्ट्रेलिया में है। इन सभी खिलाड़ियों ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेला था।

गौतम गंभीर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑस्ट्रेलिया की उड़ान भरेंगे। बताया जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी रोहित शर्मा कोच के साथ नहीं दिखेंगे। इससे यह इशारा मिल रहा है कि रोहित पहले टेस्ट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। दरअसल, किसी भी बड़े दौरे से पहले कप्तान और कोच दोनों मिलकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं।

22 नवंबर से पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट से भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत होगी। इसके बाद दोनों टीमें एडिलेड ओवल में 6 से 10 दिसंबर पिंक बॉल टेस्ट खेलेंगी।

तीसरा टेस्ट 14 से 18 दिसंबर तक ब्रिस्बेन के गाबा में होगा, इसके बाद 26 से 30 दिसंबर तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में बॉक्सिंग डे टेस्ट होगा। पांचवां और अंतिम टेस्ट 3 जनवरी को सिडनी में होगा।