Trending

बिहार के राजगीर में आज से एशियाई महिला हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आगाज, सीएम नीतीश शुभारंभ करेंगे

बिहार के राजगीर में आज से पहली बार एशियाई महिला हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का आगाज हो रहा है। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज करेंगे। प्रतियोगिता में जापान, कोरिया, चीन, थाईलैंड, भारत और मलेशिया की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

साभार : गूगल

पहला मुकाबला दोपहर 12:15 बजे जापान और कोरिया के बीच खेला जाएगा। दोपहर 2:30 बजे चीन और थाईलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। शाम 4:45 बजे मेजबान भारत और मलेशिया के बीच मैच खेला जाएगा।

इस टूर्नामेंट के लिए व्यापक तैयारियां हुई हैं, जिसमें सुरक्षा और सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। दुनिया के 168 देशों में इस टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण होगा, जबकि 30 राष्ट्रीय स्तर के चैनल इसका कवरेज करेंगे।

राजगीर के खेल परिसर में टूर्नामेंट के दौरान अत्याधुनिक सुविधाएं और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। टूर्नामेंट के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया जैसे ही शुरू हुई, वैसे ही सभी दिन के टिकट बुक हो गए।

खेल विभाग के अनुसार, राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। दर्शकों की सुविधा के लिए ईस्ट स्टैंड के गेट नंबर तीन को विशेष रूप से सजाया गया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

टूर्नामेंट के आयोजन ने खेल और स्वाद का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है। खेल अकादमी परिसर में जहां एक ओर रोमांचक हॉकी मैचों की गूंज सुनाई दे रही है, वहीं दूसरी ओर 15 विशेष फूड स्टॉल्स दर्शकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों का विशेष इंतजाम कर रहे हैं। प्रमुख आकर्षण के रूप में दनियावां का प्रसिद्ध मछली-चावल स्टॉल विशेष रूप से दर्शकों को लुभा रहा है।

स्टॉल संचालक विनय कुमार ने बताया कि 120 रुपये में दो पीस मछली और एक प्लेट चावल की व्यवस्था की गई है, जबकि 150 रुपये में एक बड़ा मछली पीस भरपेट चावल के साथ परोसा जा रहा है।

खाद्य विविधता को बढ़ावा देते हुए अभिषेक कुमार के स्टॉल पर राजमा, चाऊमीन, रोल और छोले भटूरे जैसे विभिन्न व्यंजन उपलब्ध हैं। साथ ही, दर्शकों की सुविधा के लिए चाय, कॉफी और सुधा डेयरी के लस्सी-पेड़े की विशेष व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। पीएचडी विभाग द्वारा सुलभ शौचालय और गंगाजल पेयजल की व्यवस्था की गई है। खेल परिसर में लगाई गई हॉकी थीम पर आधारित सेल्फी प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र है।

कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक पल है और उन्होंने राज्य सरकार की विश्वस्तरीय तैयारियों की तारीफ की। उन्होंने बताया कि राजगीर का खेल परिसर अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खेल केंद्रों में शुमार हो गया है।

टूर्नामेंट के अंतिम मैच को फ्लडलाइट्स के तहत आयोजित करने की योजना है, जिससे दर्शकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा। कोच हरेंद्र सिंह ने टीम की तैयारी पर पूरा भरोसा जताया।

उन्होंने बताया कि हर खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की है। कप्तान सलिमा टेटे ने कहा कि टीम की हर तैयारी को बारीकी से परखा गया है और टीम पूरी तरह से अपना शत-प्रतिशत देने के लिए प्रतिबद्ध है।