पीकेएल 11 : हरियाणा स्टीलर्स ने जीता मुकाबला, गुजरात जायंट्स की छठीं हार
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन में गुजरात जायंट्स के लिए कुछ भी अच्छा नहीं जा रहा है। उन्हें एक और बड़ी हार मिली। हरियाणा ने 39-23 से जीत हासिल की।

गुजरात जायंट्स के लिए राकेश ने रेडिंग में अच्छा प्रदर्शन किया और 400 पॉइंट् भी पूरे किए, इसके बावजूद उनकी टीम को लगातार छठी हार मिली। हरियाणा के लिए मोहम्मदरेजा शादलू और राहुल सेतपाल ने कहर ढा दिया। शादलू ने तो ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 7 पॉइंट लिए जबकि सेतपाल ने डिफेंस में 7 पॉइंट लिए।
पहले 10 मिनट के खेल में दोनों ही टीमों ने एक दूसरे को टक्कर दी। हरियाणा के दोनों रेडर्स शिवम पटारे और विनय पॉइंट्स ला रहे थे। हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया डिफेंडर्स भी लय में आते गए। दोनों ही टीमों के डिफेंडर्स इस मैच में पॉइंट्स ले रहे थे।
गुजरात जायंट्स इस मैच में काफी अलग दिखाई दे रही थी। लग ही नहीं रहा था कि ये वही टीम है जिसे पिछले मैच में बुरी तरह हारी थी। कोच राम मेहर सिंह एक अलग स्ट्रैटजी के साथ उतरे थे और इसी वजह से हरियाणा की टीम हावी नहीं हो पा रही थी।
हालांकि फर्स्ट हाफ से थोड़ा पहले मैच का रुख दो सुपर रेड की वजह से एकदम चेंज हो गया। पहले घनश्याम मागर ने सुपर रेड लगाकर हरियाणा को बढ़त दिलाई।
इसके बाद मोहम्मदरेजा शादलू ने एक ही रेड में गुजरात जायंट्स का सूपड़ा साफ कर दिया। उन्होंने सुपर रेड लगाते हुए गुजरात को ऑल आउट कर दिया और इसी वजह से हाफ टाइम तक स्कोर 18-12 से हरियाणा के पक्ष में रहा। दूसरे हाफ में गुजरात जायंट्स ने वापसी की कोशिश की और हरियाणा स्टीलर्स को ऑल आउट के करीब ढकेल दिया।
हालांकि मोहम्मदरेजा शादलू ने एक बार फिर अपना जलवा दिखाया और सुपर टैकल करके टीम को ऑल आउट से बचा लिया। हरियाणा स्टीलर्स ने अपने दमदार डिफेंस के दम पर कई सारे सुपर टैकल किए और इसी वजह से उन्होंने मैच में निर्णायक बढ़त बनाई।