ब्रेट ली बोले, क्रिकेट से कुछ समय के लिए ब्रेक लें रोहित व विराट
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ब्रेट ली ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और बल्लेबाज विराट कोहली को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले बड़ी सलाह दी है।

ब्रेट ली ने रोहित और विराट को कुछ समय के लिए क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से हार के बाद इन दोनों दिग्गजों को थोड़े समय क्रिकेट से दूर रहना चाहिए और 22 नवंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में एक फ्रेश शुरुआत करनी चाहिए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में विराट ने 93 रन बनाए थे, जबकि कप्तान रोहित 91 रन ही बना पाए थे। इस सीरीज की हार का जिक्र वैसे तो होना ही था, इसलिए भी कुछ ज्यादा हो रहा है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया से टीम इंडिया को पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसी अहम सीरीज से पहले ब्रेट ली ने कहा है कि कोहली और रोहित को पुरानी चीजों को दिमाग से निकालना होगी और नई शुरुआत करनी होगी।
ब्रेट ली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “सड़कों पर चर्चा हो रही थी कि भारत 3-0 से जीतेगा। मैंने भी 3-0 की भविष्यवाणी की थी, ऐसा नहीं हुआ। क्या हुआ? भारत की बल्लेबाजी को लेकर बहुत सारे सवाल उठ रहे हैं।
स्पिन के सामने वे जिस तरह से ढह गए, 37 विकेट उन्होंने सीरीज में स्पिनरों पर गंवाए। मिचेल सेंटनर ने शानदार खेल दिखाया। मुझे लगता है कि भारत कुछ ज्यादा ही हावी होने की कोशिश कर रहा था, ऐसे शॉट खेल रहा था जो उसकी सामान्य क्रिकेट शैली से अलग थे।
उन्होंने आगे कहा, “अगर आप हिटमैन (रोहित) और किंग कोहली को देखें – तो उन्होंने सीरीज में 90-90 रन बनाए। यह उनके जैसे खिलाड़ी के रन नहीं है। वे उससे कहीं बेहतर खिलाड़ी हैं। यह बताना मुश्किल है कि वे क्यों विफल हुए।
अगर आप देखें कि रोहित शर्मा किस तरह से तेज गेंदबाजों के सामने आउट हुए, तो मैं यह नहीं कह सकता कि इसमें कोई तकनीकी खामी है, क्योंकि मैंने उन्हें पिछले एक दशक से खेलते देखा है और मुझे अभी भी लगता है कि वे विश्व क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं, शायद वे थोड़े ज्यादा आक्रामक हैं।
ब्रेट ली को भरोसा है कि विराट और रोहित दमदार वापसी करेंगे। ली ने कहा, “जब आप लगातार खराब रन बनाते हैं, तो दबाव बनता है। मुझे लगता है कि अब विराट और रोहित जैसे खिलाड़ियों को फिर से अपनी रणनीति पर काम करना होगा।
उस तकनीक पर काम करें, तरोताजा रहें, जितना हो सके क्रिकेट से दूर रहें और फिर ऑस्ट्रेलिया जाने पर पूरी ताकत से खेलें, क्योंकि मैं आपसे वादा कर सकता हूं – ये ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज रोहित शर्मा पर बिल्कुल नई गेंद से हमला करेंगे। मैंने उन्हें बहुत खेलते हुए देखा है और मुझे लगता है कि वे ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए तैयार होंगे।