Trending

तीसरा टी-20 : भारत की रोमांचक जीत, दक्षिण अफ्रीका को 11 रन से हराया

तिलक वर्मा (नाबाद 107) के पहले अंतरराष्ट्रीय शतक से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में बुधवार को 11 रन से रोमांचक जीत हासिल की।

@AFP/Getty Images

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 219 रन बनाये। जवाब में हेनरिच क्लासेन (41) के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें खत्म होती दिखी जब उसे 14 गेंद में 53 रन बनाने थे।

मार्को जानसेन ने 17 गेंद में पांच छक्कों और चार चौकों से उन्होंने मेजबान टीम को मैच में लौटाने की कोशिश की। अर्शदीप सिंह ने जानसेन को तीन गेंद बाकी रहते पगबाधा करके भारत को चार मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढत दिलाई।

चौथा और आखिरी मैच शुक्रवार को होगा। दक्षिण अफ्रीका के लिये क्लासेन ने 22 गेंद में 41 रन बनाये और जानसेन ने आक्रामक अर्धशतक जड़ा। दक्षिण अफ्रीका सात विकेट पर 208 रन ही बना सकी। रिकी रिकेलटन (20) नाकाम रहे। रीजा हेंडरिक्स (21) को वरूण चक्रवर्ती ने पगबाधा आउट किया।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन माक्ररम (29) आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठे। वहीं ट्रिस्टन स्टब्स को अक्षर पटेल ने आउट किया। क्लासेन ने चक्रवर्ती को तीन छक्के जड़े। हार्दिक पंड्या ने डेविड मिलर (18) को अक्षर के हाथों लपकवाया।

भारतीय पारी में तिलक को अभिषेक वर्मा का साथ मिला जिन्होंने 50 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन माक्ररम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

तिलक ने अपनी 57 रन की पारी में सात छक्के और आठ चौके लगाये। उनकी पारी से भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 प्रारूप में दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। अभिषेक ने खराब फॉर्म से उबरते हुए 25 गेंद में पांच छक्कों और तीन चौकों से 50 रन बनाये।

तिलक ने पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए मैदान के चारों ओर स्ट्रोक्स लगाये। उन्होंने दूसरे विकेट के लिये अभिषेक के साथ 107 रन जोड़े। संजू सैमसन बिना रन बनाए आउट हो गए थे।

बीच के ओवरों में केशव महाराज ने रनगति पर अंकुश लगाया, तिलक ने आखिरी छह ओवरों में 22 गेंद में 52 रन बनाकर भारत को बड़ा स्कोर दिलाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (एक), हार्दिक पंड्या (18) और रिंकू सिंह (8) नाकाम रहे।

सैमसन को मार्को जानसेन ने नीचे की ओर जाती गेंद पर आउट किया। पहले मैच में शतक जमाने वाले सैमसन दूसरे मैच में खाता नहीं खोल सके।

इसके बाद अभिषेक और तिलक ने न सिर्फ पारी को संभाला, दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव भी बना दिया। अभिषेक ने आठ मैचों से चले आ रहे खराब फॉर्म को अलविदा कहते हुए उम्दा पारी खेली।