Trending

रणजी ट्रॉफी Day 2 : श्रीजिथ का शतक, कर्नाटक के 275, पहली पारी में 186 रन की अहम बढ़त

लखनऊ में गुरुवार को रणजी ट्रॉफी के एलीट पूल सी के तहत मुकाबला खेला गया। इसमें श्रीजिथ कृष्णन ने शानदार शतकीय पारी खेली। इससे कर्नाटक ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली। मेहमान टीम 79.5 ओवर में 275 रन पर आउट हो गई। इस तरह टीम ने पहली पारी के आधार पर यूपी पर 186 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली।

साभार : गूगल

जवाब में यूपी ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 78 रन बना लिए थे। अभी मेजबान टीम 108 रन से पीछे है, जबकि टीम के नौ विकेट अभी शेष है।

मुकाबले में यूपी पर सीधी हार का खतरा मंडरा रहा है। टीम के बल्लेबाजों के सामने क्रीज पर टिककर खेलकर मुकाबला ड्रॉ पर रोकने की चुनौती होगी।

कर्नाटक ने कल के पांच विकेट खोकर 127 रन से आगे खेलना शुरू किया। 141 रन पर श्रेयस गोपाल 15 रन के निजी स्कोर पर आकिब खान की गेंद पर विकेटकीपर आर्यन जुयाल द्वारा लपके गए। इसके बाद यशोवर्धन ने श्रीजिथ के साथ पारी को संभाला। स्कोर को 200 के पार ले गए।

202 रन पर आउट होने से पहले कृष्णन 110 रन की शतकीय पारी खेलकर शिवम मावी का शिकार बने। अपनी शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 153 गेंदों का सामना करते हुए 12 आकर्षक चौके जमाए।

दूसरे छोर पर यशोवर्धन ने 125 गेंदों पर 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर विप्रज निगम का शिकार बने। निचले क्रम में विद्याधर पाटिल ने 68 गेंदों पर सात चौकों से 38 रन की उपयोगी पारी खेली।