हैमिल्टन में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मैच, फिर टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहेंगे टिम साउदी
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज के अंत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। साउदी 15 दिसंबर को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में अपने घरेलू मैदान पर आखिरी टेस्ट खेलेंगे।

उन्होंने अगले साल जून में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए न्यूजीलैंड के क्वालिफाई करने पर खुद को उपलब्ध बताया है। साउदी ने इसका ऐलान शुक्रवार को किया।
उन्होंने कहा, ‘न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व करना ही मेरा बचपन से सपना था। 18 साल तक ब्लैक कैप्स के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान और सौभाग्य रहा है, अब समय आ गया है कि मैं उस खेल से दूर हो जाऊं जिसने मुझे इतना कुछ दिया है।
टेस्ट मेरे दिल में एक खास जगह रखता है, इसलिए उसी देश के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेलना, जिसके खिलाफ मेरा टेस्ट करियर इतने सालों पहले शुरू हुआ था, मेरे लिए बेहद खास हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा अपने परिवार, दोस्तों, कोच, हमारे फैंस और खेल से जुड़े सबका का आभारी रहूंगा, जिन्होंने सालों से मेरा और मेरे करियर का समर्थन किया है। यह अद्भुत सफर रहा है और मैं इसमें कुछ भी नहीं बदलना चाहूंगा।
टिम साउदी ने न्यूजीलैंड की तरफ से इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 770 विकेट लिए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 104 टेस्ट, 161 वनडे और 125 टी-20 मैच खेले हैं। टेस्ट में 385, वनडे में 221 और टी-20 में 164 विकेट लिए हैं।