Trending

रितिका सजदेह ने बेटे को जन्म दिया, दूसरी बार पिता बने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरी बार पिता बन गए हैं। रितिका सजदेह ने बेटे को जन्म दिया है। रोहित और रितिका की इससे पहले एक बेटी हो चुकी है, जिसका नाम समायरा है।

साभार : गूगल

रोहित के परिवार के साथ-साथ यह खबर भारतीय टीम और इंडियन क्रिकेट फैन्स के लिए किसी बड़ी गुड न्यूज से कम नहीं है। अब देखना यह है कि क्या रोहित पर्थ टेस्ट में भारतीय टीम की अगुवाई करते हुए नजर आते हैं या नहीं?

एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक शुक्रवार को ही रोहित की पत्नी रितिका ने बेटे को जन्म दिया। भारतीय टेस्ट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है।

रोहित निजी कारणों का हवाला देते हुए टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं पहुंचे थे, अब ऐसा लगता है कि रोहित 22 नवंबर से पहले टीम इंडिया के साथ जुड़ सकते हैं और पर्थ टेस्ट में खेलते हुए भी नजर आ सकते हैं।

भारतीय टेस्ट स्क्वॉड के बाकी सदस्य इस समय ऑस्ट्रेलिया में हैं और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तैयारियों में जुटे हुए हैं। भारतीय टीम इस दौरान इंट्रा स्क्वॉड मैच भी खेल रही है, जिसमें टेस्ट स्क्वॉड के खिलाड़ियों के साथ-साथ इंडिया ए के भी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

Ritika Sajdeh (@ritssajdeh) Rohit Sharma (@rohitsharma45)

इंट्रा स्क्वॉड मैच के पहले दिन ही केएल राहुल के चोटिल होने की खबर आई है, ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के हवाले से यह भी खबर आई है कि विराट कोहली भी किसी स्कैन के लिए गुरुवार को गए थे, विराट इंट्रा स्क्वॉड मैच में पूरी तरह से फिट दिखे और दो पारियों में बैटिंग भी की।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले प्रेस कॉन्फ्रेन्स में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि अगर रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो ऐसे में टीम की कमान उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे।

यहां आपको बता दें कि भले ही रोहित टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए, लेकिन मुंबई में रहकर ही उन्होंने फिटनेस पर काम किया और लगातार ट्रेनिंग कर रहे हैं, जिससे वह आखिरी समय पर भी टीम से जुड़ें तो खेलने के लिए तैयार रहें।