इस्लामाबाद से पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी टूर का आगाज
आईसीसी ने ऐलान किया कि 2025 पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी टूर शनिवार को इस्लामाबाद से शुरू होगा। ट्रॉफी को दमन-ए-कोह, फैसल मस्जिद और पाकिस्तान स्मारक में प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर रहेंगे।
गुरुवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा ऐलान के बाद यह एक बड़े विवाद में फंस गया कि स्कार्दू, मुरी, हुंजा और मुजफ्फराबाद जैसे स्थान – जिनमें से तीन पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आते हैं – ट्रॉफी टूर सूची में होंगे।

बीसीसीआई द्वारा शुक्रवार को कड़ी आपत्ति के बाद आईसीसी द्वारा घोषित ट्रॉफी टूर कार्यक्रम में मुरी को ही रखा गया है, जबकि 25 नवंबर तक पाकिस्तान संस्करण की यात्रा के लिए तक्षशिला, खानपुर, एबटाबाद, नथिया गली और कराची को सूची में रखा गया है।
आईसीसी मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अनुराग दहिया ने कहा, “सभी भाग लेने वाले देशों में प्रदर्शित किए जाने वाली विजेता ट्रॉफी से खेल के उत्साही प्रशंसकों को प्रतिष्ठित ट्रॉफी के करीब होने का अविस्मरणीय अनुभव मिलेगा।”
ट्रॉफी 26-28 नवंबर तक अफगानिस्तान का दौरा करेगी, 10-13 दिसंबर तक बांग्लादेश जाएगी और 15-22 दिसंबर तक दक्षिण अफ्रीका में रहेगी। 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक ऑस्ट्रेलिया में रहेगी और 6-11 जनवरी तक न्यूजीलैंड जाएगी।
12-14 जनवरी तक इंग्लैंड का दौरा करने के बाद, ट्रॉफी 15-26 जनवरी तक भारत में उपस्थिति दर्ज कराएगी, 27 जनवरी को पाकिस्तान लौटेगी। पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी आखिरी बार 2017 में इंग्लैंड में आयोजित हुई थी और पाकिस्तान ने जीती थी।
आठ टीमों के इस टूर्नामेंट का औपचारिक कार्यक्रम अधर में लटका हुआ है, क्योंकि बीसीसीआई ने सुरक्षा चिंताओं के चलते पाकिस्तान की यात्रा करने से इनकार कर दिया है, पीसीबी ने हाइब्रिड मॉडल के तहत इसकी मेजबानी करने पर सहमति नहीं जताई है।