Trending

सरफराज, कोहली, केएल राहुल के बाद शुभमन गिल भी चोटिल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारत की मुश्किलें बढ़त हुई दिखाई दे रही हैं। सरफराज खान, विराट कोहली और केएल राहुल के बाद शनिवार को शुभमन गिल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए। गिल को स्लिप में कैच लेने के दौरान अंगुली में चोट लगी।

साभार : गूगल

एक स्पोर्ट्स साइट के मुताबिक वाका स्टेडियम में इंट्रा-स्क्वाड मैच सिमुलेशन के दूसरे दिन के दौरान फील्डिंग करते समय शुभमन गिल को अंगुली में चोट आई है। हालांकि टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर कुछ दिन नजर रखेगा, उसके बाद उनकी उपलब्धता को लेकर फैसला होगा।

तीन दिन वाका के नेट्स में बिताने के बाद भारत ने सीरीज की शुरुआत से एक हफ्ते पहले ऑप्टस स्टेडियम में अपने मुख्य खिलाड़ियों को मैदान पर उतारकर अपनी तैयारियों पर जोर दिया है।

इस इंट्रा-स्क्वाड मैच सिमुलेशन में विरोधी टीम के रूप में भारत ए और कुछ अन्य खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक तीन दिन तक शुभमन गिल की चोट पर नजर रखी जाएगी, जिसके बाद उनपर फैसला होगा।

केएल राहुल मैच सिमुलेशन के पहले दिन 29 रन बनाकर खेल रहे थे जब तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की उठती गेंद उनकी कोहनी पर लगी। इस बल्लेबाज ने फिजियो से सलाह मशविरा करने के बाद मैदान छोड़ दिया।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अगर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पांच टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पाते हैं तो राहुल टीम में उनकी जगह लेने की दौड़ में हैं।

रिपोर्ट के अनुसार स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का अज्ञात चोट के लिए गुरुवार को स्कैन कराया गया था। इस बल्लेबाज ने हालांकि शुक्रवार को टीम के बीच आपस में खेले गए मैच में भाग लिया और 15 रन बनाए।