Trending

नेशन्स लीग : स्वीडन की जीत, नॉकआउट में नीदरलैंड की एंट्री

विक्टर ग्योकेरेस के शानदार प्रदर्शन से स्वीडन ने नेशन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में स्लोवाकिया को 2-1 से हराया जबकि नीदरलैंड ने हंगरी पर 4-0 की जीत से क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। जर्मनी ने भी सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाते हुए बोस्निया एवं हर्जेगोविना को 7-0 से हराया।

साभार : गूगल

ग्योकेरेस ने तीसरे मिनट में स्वीडन का पहला गोल किया। स्लोवाकिया ने डेविड हेंको के 19वें मिनट में किए गोल से स्कोर बराबर किया, ग्योकेरेस ने एलेक्जेंडर इसाक के गोल में मदद की जिससे स्वीडन ने 2-1 की जीत पक्की की।

स्वीडन लीग सी से लीग बी में जगह बनाने का प्रयास कर रहा है। स्वीडन के ही ग्रुप में एस्टोनिया ने अजरबेजान से गोल रहित ड्रॉ खेला। जर्मनी और नीदरलैंड ने लीग ए के ग्रुप तीन से मार्च में होने वाले क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

लीग बी में आइसलैंड ने मोंटेनेग्रो को 2-0 से हराया। इस हार से मोंटेनेग्रो लीग सी में खिसक गया। जॉर्जिया ने यूक्रेन से 1-1 से ड्रॉ खेला। चेक गणराज्य ने अल्बानिया से गोल रहित ड्रॉ खेलकर लीग बी से लीग ए में जाने का मौका गंवाया।