इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने की पुष्टि, इन दो दिग्गजों की टीम से छुट्टी
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने रविवार 17 नवंबर को इस बात की पुष्टि की है कि वे स्प्लिट कोचिंग का चैप्टर खत्म कर रहे हैं। यही कारण है कि असिस्टेंट कोच कार्ल हॉपकिंसन और रिचर्ड डॉसन को व्हाइट बॉल सेटअप से बाहर बैठना पड़ेगा।

इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के हेड कोच भी अब ब्रेंडन मैकुलम बनने जा रहे हैं। जनवरी 2025 से वे तीनों फॉर्मेट में हेड कोच के तौर पर काम करेंगे। इसका ऐलान पहले ही ईसीबी ने कर दिया था।
वे सिर्फ टेस्ट टीम की बागडोर संभाल रहे थे, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले न्यूजीलैंड के इस दिग्गज प्लेयर को व्हाइट बॉल टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी।
हॉपकिंसन 2019 में घरेलू धरती पर इंग्लैंड की वनडे विश्व कप जीत के साथ-साथ 2022 में ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप की सफलता में शामिल थे, जबकि डॉसन पहले इंग्लैंड यंग लायंस के कोच थे और बाद में वे टीम के साथ जुड़े और टीम को सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पिछले 12 महीनों में भारत और यूएसए-वेस्टइंडीज में खिताब बचाने में दो बार विफल होने के कारण इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भारी गिरावट आई है, जिसके कारण इस साल की शुरुआत में तत्कालीन मुख्य कोच मैथ्यू मॉट ने इस्तीफा दे दिया था।
ईसीबी डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट रॉब की ने स्प्लिट कोचिंग को लेकर कहा, “होप्पो (कार्ल हॉपकिंसन) और डॉस(रिचर्ड डॉसन) दो बेहतरीन कोच हैं, जिन्होंने हमारी व्हाइट-बॉल टीमों की सफलता में अहम भूमिका अदा की है।
हमारी सीनियर टीमों के साथ उनकी कोचिंग विशेषज्ञता के अलावा उन्होंने हमारी व्हाइट-बॉल टीमों के अगले इरा के सेटअप में मदद करने के लिए ग्रुप एज से युवा खिलाड़ियों को भी विकसित किया है। उनकी वजह से इंग्लैंड क्रिकेट बेहतर स्थिति में है और मैं उनके करियर के अगले अध्याय में उनके लिए शुभकामनाएं देता हूं।”