Trending

टी-20 सीरीज : बारिश की भेंट चढ़ा इंग्लैंड-वेस्टइंडीज का आखिरी मैच

सेंट लूसिया के डैरेन सैमी स्टेडियम में भारी बारिश के चलते इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी टी20 मैच पांच ओवर के बाद ही रद्द हो गया।

@Getty Images

वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की थी, उन्होंने बिना विकेट गिरे बोर्ड पर 44 रन टांगे थे। एविन लुईस 29 और शाई होप 14 रन बनाकर खेल रहे थे कि अचानक बारिश के कारण मैच रोक दिया गया और फिर लगातार बारिश के चलते मैच को रद्द कर दिया गया। इस तरह मेहमान इंग्लैंड ने सीरीज 3-1 से जीत ली। इंग्लैंड की वेस्टइंडीज की सरजमीं पर ये 5 साल बाद टी20 सीरीज जीत है।

वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज एविन लुईस ने एक बार फिर अपनी धमाकेदार फॉर्म की झलक दिखाई। उन्होंने अपनी छोटी सी पारी में दो छक्के और तीन चौके लगाए, जॉन टर्नर की एक गेंद उनके हेलमेट पर जा लगी। इसके बाद उनकी जांच की ही जा रही थी कि अचानक बारिश शुरू हो गई।

पिच समेत मैदान पर कवर आ गए। इस कारण सभी खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाना पड़ा। व्यवधान के बावजूद लुईस अपनी टीम के साथ बाहर जाते समय अच्छे मूड में दिखाई दिए। इसके बाद बारिश के चलते मैच रद्द कर दिया गया।

इंग्लैंड की सीरीज जीत बेहतरीन प्रदर्शन के कारण हुई। प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए साकिब महमूद ने 10.55 की औसत से 9 विकेट लिए, जिसमें पावरप्ले में आठ विकेट शामिल हैं।

उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 43 रन देकर 4 विकेट रहा। महमूद ने कहा कि इन परिस्थितियों के लिए अपने अवे-स्विंगर पर काम करना कारगर रहा और मुझे खुशी है कि यह मैच के प्रदर्शन में बदल गया।

फिल साल्ट पहले गेम में 103 रन समेत कुल 162 रन बनाकर सीरीज के टॉप रन-स्कोरर रहे। वहीं, जैकब बेथेल ने 173.97 की शानदार स्ट्राइक रेट से 127 रन बनाए और वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 153 रन बनाए। इंग्लैंड की बल्लेबाजी की गहराई पूरी सीरीज में निर्णायक रही।