Trending

चाइना मास्टर्स : अनुपमा उपाध्याय दूसरे दौर में, सुमित-सिकी की जीत

भारतीय खिलाड़ी अनुपमा उपाध्याय ने दुनिया की 15वें नंबर की शटलर अमेरिका की बेइवेन झेंग पर जीत के साथ चाइना मास्टर्स के महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। वह पहली बार किसी बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 विश्व टूर प्रतियोगिता के दूसरे दौर में खेलेंगी।

साभार : गूगल

बी सुमित रेड्डी और एन सिकी रेड्डी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रही, प्रियांशु राजावत को पुरुष एकल के पहले दौर में हार मिली।

अल्मोड़ा की 19 साल की दुनिया की 50वें नंबर की अनुपमा ने 48 मिनट चले मुकाबले में झेंग को 21-17, 8-21, 22-20 से हराया। अनुपमा अगले दौर में जापान की नात्सुकी निदाइरा से भिड़ेंगी।

सुमित-सिकी की पति-पत्नी की जोड़ी ने प्रेस्ले स्मिथ और जेनी गेइ की अमेरिकी जोड़ी को 63 मिनट में 23-21, 17-21, 21-17 से हराया। यह भारतीय जोड़ी अगले दौर में फेंग येन झी और हुआंग डोंग पिंग की मेजबान जोड़ी से खेलेगी।

प्रियांशु और आकर्षी कश्यप हारकर बाहर हो गए। दुनिया के 34वें नंबर के प्रियांशु पहले दौर में दुनिया के 32वें नंबर के चिको ऑरा ड्वी वारदोयो से 24-22, 13-21, 18-21 से हारे। आकर्षी दुनिया की 14वें नंबर की जापान की तोमोका मियाजाकी से 10-21, 18-21 से हार बाहर हो गईं।

पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगी।