Trending

राफेल नडाल का पेशेवर टेनिस से संन्यास

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने मंगलवार (19 नवंबर) को अपना आखिरी मुकाबला खेला। इस मुकाबले में उन्हें 80वीं रैंकिंग वाले बोटिक वान डी जैडस्चुल्प ने 6-4,6-4 से हराया।

@DavisCup

इसके बाद मैच देख रहे 10,000 दर्शकों और नडाल के परिवार ने उनका खड़े होकर अभिवादन किया। ये देख नडाल की आंखों में आंसू आ गए। डेविस कप के मुकाबले में जब राष्ट्रगान हुआ, तब भी नडाल भावुक हो गए थे।

इस महान टेनिस खिलाड़ी ने पिछले महीने संन्यास की घोषणा की थी। 38 वर्षीय खिलाड़ी की गिनती दुनिया के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में होती है। नडाल (22) से ज्यादा ग्रैंड स्लैम सिर्फ नोवाक जोकोविच (24) ही जीत पाए हैं। नडाल को ‘लाल बजरी का बादशाह’भी कहा जाता है।

नडाल ने अपने आखिरी मुकाबले के बाद सबका आभार दिया। उन्होंने मैच के बाद कहा, “विश्व में मुझे इतना स्नेह प्राप्त हुआ। मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं पूरी स्पेनिश टीम को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। आप सभी ने मुझे डेविस कप खेलने का मौका दिया।

मेरे करियर के कई भावनात्मक पल यहां मौजूद लोगों के साथ रहे हैं, हमने साथ मिलकर कई शानदार चीजें हासिल की हैं। कोई भी खिलाड़ी नहीं चाहता कि संन्यास ले, शरीर की वजह से खेलना मुश्किल होता है। मैंने अपने शौक को अपने करियर में बदला। ये मेरे कल्पना से बहुत ज्यादा है।”

नडाल पहली बार साल 2005 में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में फ्रेंच ओपन जीत लिया था। नडाल साल 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020 और 2022 में फ्रेंच ओपन को जीतने में सफल रहे हैं।

उन्होंने करियर में 2 बार (2009, 2022) ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2008 और 2010 में विंबलडन तथा 2010, 2013, 2017 और 2019 में यूएस ओपन का खिताब जीता था।

नडाल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो फ्रेंच ओपन में 14 फाइनल में अपराजित रहे हैं। केवल 3 ही ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जो एक ही स्लैम में 6 से अधिक फाइनल में अजेय रहे हैं।

नडाल फ्रेंच ओपन में केवल रॉबिन सोडरलिंग, जोकोविच (2 बार) और अलेक्जेंडर ज्वरेव से हारे हैं। स्पेनिश खिलाड़ी का रोलां गैरा में जीत-हार का अविश्वसनीय रिकॉर्ड 112-4 है, जिसमें जीत का प्रतिशत 97 रहा है।