जर्मनी में चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव की सर्जरी
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन सके चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों जर्मनी में हैं। गेंदबाज को यहां अपनी एक पुरानी चोट के इलाज के लिए आना पड़ा, जिसके चलते उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जगह नहीं मिली।

इस युवा स्पिनर को बैक में समस्या हो रही थी, जिसके इलाज के लिए उन्हें सर्जरी करवानी पड़ी। 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया में 5 टेस्ट की सीरीज बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आगाज हो रहा है। बीसीसीआई ने इस दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा करते हुए कुलदीप को नहीं चुनने की वजह बताई थी।

कुलदीप भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान बाएं ग्रोइन की समस्या से जूझने लगे थे। इस चोट से उबरने के लिए उन्हें पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस रेफर हुए थे। एनसीए में डॉक्टरों ने उनकी जांच के बाद उन्हें इलाज के लिए जर्मनी भेजने की सलाह दी।

कुलदीप ने इंस्टाग्राम पर जर्मनी में बिताए वक्त के दौरान कुछ खास लम्हों की तस्वीरें साझा की हैं। इस गेंदबाज को आईपीएल 2025 के लिए उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने अपने साथ कायम रखा है।

दिल्ली अपने कप्तान ऋषभ पंत को भले रिटेन नहीं कर पाई, उन्होंने इस चाइनामैन गेंदबाज को 13.25 करोड़ खर्च कर रिटेन किया है। वह बीते लंबे समय से इस फ्रैंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह कोलकाता नाइट राइजर्स का हिस्सा रहे थे।

कुलदीप को लेकर उम्मीद की जा रही है कि वह जनवरी के अंत या फरवरी तक फिट हो जाएंगे। फरवरी में चैम्पियन्स ट्रॉफी 2025 का आयोजन होना है।







