पर्थ टेस्ट के दौरान टीम में शामिल होंगे रोहित शर्मा, दूसरे टेस्ट में संभालेंगे टीम की कमान
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में नहीं खेलेंगे। दूसरे मैच में वह टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
वह पहले टेस्ट के दौरान टीम से जुड़ेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा पर्थ में 24 नवंबर को भारतीय टीम में शामिल होंगे। पहले टेस्ट के तीसरे दिन रोहित भारतीय टीम के साथ नजर आ सकते हैं।

दूसरे बच्चे के जन्म के कारण रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती मैच का हिस्सा नहीं है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद घर रुकने का फैसला किया था और भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं गए थे।
रोहित के साथ-साथ शुभमन गिल का भी पर्थ टेस्ट से बाहर होना लगभग तय है। वह वाका में इंट्रा स्क्वाड मैच के दूसरे दिन गिल स्लिप में लो कैच लपकने के प्रयास में चोटिल हो गए थे।
रोहित ने बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को पहला टेस्ट ना खेल पाने की संभावनाओं से अवगत करा दिया था, उन्होंने बच्चे के जन्म की तिथि के अनुसार अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करने का विकल्प भी खुला रखा था। शुक्रवार को रोहित की पत्नी रितिका ने बेटे को जन्म दिया था।
एक क्रिकेट साइट के मुताबिक उन्होंने बीसीसीआई में संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया है कि वह रविवार को टीम में शामिल होंगे।
रोहित की गैरमौजूदगी में जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभालेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ 2022 के ऐजबेस्टन टेस्ट के बाद वह दूसरी बार रोहित शर्मा की गैर मौजूदगी में कप्तान होंगे। दूसरे टेस्ट में एक बार फिर रोहित कमान संभालेंगे। दूसरा टेस्ट छह दिसंबर से शुरू होगा जो दिन रात का मैच होगा।