आईपीएल : बीसीसीआई ने जारी किया अगले तीन सीजन का कैलेंडर
बीसीसीआई ने एक अहम कदम उठाते हुए अगले तीन आईपीएल सीजन की तारीखें जारी कर दी हैं। आईपीएल 2025 की शुरुआत 14 मार्च से होगी जबकि खिताबी मुकाबला 25 मई को होगा। वहीं 2026 सीजन 15 मार्च से 31 मई के बीच खेला जाएगा, जबकि 2027 सीजन 14 मार्च से 30 मई के बीच खेला जाएगा।

एक क्रिकेट साइट के अनुसार, ईमेल से सभी फ्रेंचाइजियों को आईपीएल के अगले तीन सीजन की तारीखों की जानकारी दी गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यही फाइनल तारीख होगी और बीसीसीआई जल्द इसका अधिकारिक ऐलान करेगी।
इससे पहले फैंस को आईपीएल की तारीखों का सीजन शुरू होने के कुछ दिन पहले तक इंतजार करना पड़ता था, इस बार बीसीसीआई ने बड़ा कदम उठाते हुए चार महीने पहले ही तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान से इंटरनेशनल विंडो बनाने में आसानी होगी।
कई बार यह देखने को मिला है कि सीजन की शुरुआत में या प्लेऑफ के दौरान इंटरनेशनल सीरीज के चलते इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होते थे। अब जब तारीखों का ऐलान हो गया है तो इन देशों को बोर्ड्स को अपना-अपना शेड्यूल बनाने में आसानी होगी।
इस बीच, बीसीसीआई ने इस सीजन के लिए जोफ्रा आर्चर की उपलब्धता की पुष्टि की है। आर्चर ने खुद को आईपीएल 2025 के अलावा अगले दो सीजन के लिए भी खुद को उपलब्ध करवाया जिसकी वजह से उन्हें आईपीएल नीलामी की लिस्ट शॉर्टलिस्ट होने के बाद ऑक्शन में जगह मिली है।
बीसीसीआई ने उनका बेस प्राइज नहीं बताया है, मगर माना जा रहा है कि आर्चर 2 करोड़ के ब्रैकेट में ही होंगे। अमेरिका के सौरभ नेत्रवलकर और मुंबई के हार्दिक तमोर को भी ऑक्शन लिस्ट में जोड़ा गया है। अब ऑक्शन में कुल 574 की जगह 577 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।