Trending

पर्थ टेस्ट Day 1 : भारत 150 पर ढेर, गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के आगे ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट पर 67 रन

तेज गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत ने पर्थ में हो रहे पहले टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने पर 67 रनों पर ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट गिरा दिये।

दिन का खेल खत्म होने पर एलेक्स कैरी 19 और मिचेल स्टॉर्क 6 रन बनाकर नाबाद हैं। पहली पारी के आधार पर भारत 83 रन आगे है। भारत पहली पारी में 150 रनों पर ऑलआउट हुई थी।

@Associated Press

150 रनों पर ऑल आउट होने के बाद लग रहा था कि भारत मैच में पिछड़ जाएगी, कप्तान जसप्रीत बुमराह के नेतृत्व में तेज गेंदबाजों ने भारतीय टीम को बेहतरीन वापसी दिलाई।

जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई शीर्ष क्रम को झकझोर कर रख दिया। उन्होंने केवल 19 रनों के कुल स्कोर पर नाथन मेकस्विनी (10), उस्मान ख्वाजा (08) और स्टीवन स्मिथ (00) को पवेलियन भेज दिया।

हर्षित राणा ने 31 के कुल स्कोर पर ट्रैविस हेड (11) को बोल्ड कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। सिराज ने 38 के कुल स्कोर पर मिचेल मॉर्श को स्लीप में केएल राहुल के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया।

47 के कुल स्कोर पर सिराज ने मार्नस लाबुशेन (02) को एलबीडब्ल्यू कर मैच में अपना दूसरा विकेट लिया और भारत को छठी सफलता दिलाई। 59 के कुल स्कोर पर जसप्रीत बुमराह ने पैट कमिंस को (03) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका दिया।

मैच में बुमराह का यह चौथा विकेट था। कैरी (नाबाद 19) स्टॉर्क (नाबाद 06) ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 67 रन बनाए। भारत से जसप्रीत बुमराह ने 4, मोहम्मद सिराज ने 2 और हर्षित राणा ने 1 विकेट लिया।

मैच में भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय बल्लेबाजों ने फिर से निराश किया और पूरी टीम 150 रनों पर सिमट गई।

भारत की तरफ से नीतीश रेड्डी ने 41 रन बनाए। नीतीश के अलावा ऋषभ पंत ने 37 और केएल राहुल ने 26 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जोश हेजलवुड ने 4, मिचेल स्टॉर्क, पैट कमिंस और मिचेल मॉर्श ने 2-2 विकेट लिए।