सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : तिलक वर्मा का कमाल, मेघालय के खिलाफ जड़ा तूफानी शतक
युवा भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा हाल ही में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आतिशी बैटिंग की और क्रिकेट फैंस का दिल जीता। वहीं, तिलक जब शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहला मैच खेलने उतरे तो कमाल कर दिया।
घरेलू टूर्नामेंट में हैदराबाद टीम का हिस्सा तिलक ने मेघालय के खिलाफ तूफानी शतकीय पारी खेली। उन्होंने 68 गेंदों में 14 चौके और 10 छक्कों से 151 रन बनाए। यह तिलक की टी20 क्रिकेट में लगातार तीसरी सेंचुरी है। उन्होंने एक खतरनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड रच डाला है, जो तोड़ना आसान नहीं होगा।

दरअसल, तिलक टी20 क्रिकेट में सेंचुरी की हैट्रिक लगाने वाले इकलौते क्रिकेटर बन गए हैं। उनके अलावा कोई भी इस फॉर्मेट में लगातार तीन शतक नहीं लगा सका है। तिलक ने मेघालय से पहले दक्षिण अफ्रीका में लगातार दो मैचों में शतक लगाया था।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में नाबाद 107 और चौथे टी20 में नाबाद 120 रन की पारी खेली थी। तिलक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुल 280 रन जोड़कर प्लेयर ऑफ सीरीज अवॉर्ड अपने नाम किया था। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने चार मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज 3-1 से जीती थी।
तिलक ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के अलावा एक और कारनामा अंजाम दिया है। वह टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सीनियर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ा है। अय्यर ने 21 फरवरी, 2019 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ खेलते हुए 147 रन की पारी खेली।
अय्यर ने इंदौर के एमराल्ड हाई स्कूल ग्राउंड में 55 गेंदों का सामना करने के बाद सात चौके और 15 छक्के मारे थे। बता दें कि तिलक की पारी से हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 248 रन जुटाए। तिलक का स्ट्राइक रेट 225.37 का रहा।