Trending

पर्थ टेस्ट Day 3 : यशस्वी-कोहली का शतक, भारत की पारी 487 रन पर घोषित, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 3 विकेट पर 12 रन

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पर्थ टेस्ट में भारतीय टीम की स्थिति काफी मजबूत हो गई है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू टीम ने 3 विकेट खोकर 12 रन बनाए हैं। उस्मान ख्वाजा नाबाद हैं।

ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत के लिए 522 रनों की जरूरत है। भारत ने दूसरी पारी 487/6 के स्कोर पर घोषित की थी। यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली।

@Getty Images

पहली पारी में शून्य पर आउट होने वाले यशस्वी ने दूसरी पारी में 297 गेंदों का सामना करते हुए 161 रन बनाए। उनके बल्ले से 15 चौके और 3 छक्के निकले। यह उनके टेस्ट करियर का कुल चौथा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला शतक रहा। यशस्वी ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बने हैं।

सुनील गावस्कर (ब्रिसबेन, 1977) और मोटगनहल्ली जयसिम्हा (ब्रिसबेन, 1968) ही ऐसा कर चुके थे। पहली पारी में केएल राहुल ने 26 रन बनाए थे। उस पारी में वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे। अपनी दूसरी पारी में भी उन्होंने लय कायम रखी और मैच के दूसरे दिन के दौरान 124 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

राहुल 176 गेंदों पर 77 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके लगाए। यह उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7वां अर्धशतक रहा। उनके टेस्ट करियर का यह 16वां अर्धशतक है।

यशस्वी और राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 201 रन की साझेदारी हुई। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी (201 रन) करने वाली यह भारतीय जोड़ी बनी है।

इससे पहले यह रिकॉर्ड सुनील गावस्कर और श्रीकांत के नाम पर था। उस सलामी जोड़ी ने 1986 में सिडनी टेस्ट में 191 रन की साझेदारी की थी। यह SENA देशों में किसी भारतीय सलामी जोड़ी द्वारा 200 से अधिक रनों की सिर्फ तीसरी साझेदारी है।

कोहली ने अपना खोया हुआ फॉर्म हासिल कर लिया है। उन्होंने 143 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन बनाए। कोहली नाबाद रहे। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले। यह उनके टेस्ट करियर का 30वां शतक रहा।

कोहली ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक (7) लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने यहां 6 टेस्ट शतक लगाए थे।

कोहली ऑस्ट्रेलिया की धरती पर सर्वाधिक शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं। विश्व के विदेशी बल्लेबाजों में इंग्लैंड के जैक हॉब्स (9) ही ऑस्ट्रेलिया में कोहली से ज्यादा टेस्ट शतक लगाए हैं।

कोहली ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर सभी प्रारूपों को मिलाकर कुल 10 शतक लगाए हैं। यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा शतक हैं।