टीम इंडिया से जुड़े कप्तान रोहित शर्मा, ड्रेसिंग रूम में बैठे दिखे
भारतीय टीम की ड्रेसिंग रूम में कप्तान रोहित शर्मा की एंट्री हो चुकी है। पर्थ टेस्ट मैच का वे हिस्सा नहीं हैं। रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के दौरान मुंबई में ही अपनी पत्नी रितिका सजदेह और बेटी समायरा के साथ थे।

बेटे के जन्म के बाद माना जा रहा था कि वे मुंबई से ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भर सकते हैं और पर्थ टेस्ट मैच में खेल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने अपने परिवार को तवज्जो दी, पर्थ टेस्ट मैच के बीच में ही वे ऑस्ट्रेलिया पहुंच गए और अब वे ड्रेसिंग रूम का हिस्सा भी बन चुके हैं। उन्होंने पर्थ में पिंक बॉल से प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।
पर्थ टेस्ट मैच के चौथे दिन की सुबह कप्तान रोहित शर्मा कोच गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में बैठे नजर आए। वे शनिवार को मुंबई से पर्थ के लिए रवाना हुए थे।
लंबी उड़ान के बाद वे रविवार को पर्थ पहुंचे और सोमवार को टीम से जुड़ गए। कप्तान का इनपुट भी चौथे दिन मिलने वाला है। हालांकि, फिलहाल के लिए ऐसी जरूरत नहीं लग रही, क्योंकि खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है और अभी भी मैच में 400 से ज्यादा रन पीछे है।
रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में जसप्रीत बुमराह पहले टेस्ट मैच में कप्तानी कर रहे हैं, जैसे ही रोहित शर्मा की वापसी होगी तो वे फिर से कप्तान बन जाएंगे और जसप्रीत बुमराह अपनी वाइस कैप्टन की भूमिका निभाएंगे।
रोहित शर्मा एडिलेड में दूसरा टेस्ट मैच खेलने से पहले एक दो दिवसीय अभ्यास मैच में खेलने वाले हैं। इसके अलावा वे नेट प्रैक्टिस भी करेंगे।
हालांकि, सवाल ये भी होगा कि अब टॉप ऑर्डर से किसे हटाया जाए, क्योंकि केएल राहुल ने दमदार प्रदर्शन पर्थ में किया है। यशस्वी जायसवाल शतक जड़ चुके हैं। नंबर तीन पर शुभमन गिल की वापसी होगी तो फिर केएल राहुल को किस जगह मौका दिया जाएगा।