Trending

Delhi Weather: दिल्ली की हवा पहले से हुई साफ, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, अलर्ट रहने की हिदायत

बीएस राय: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही देशभर में तापमान में गिरावट आ रही है। दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ती जा रही है। हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस है। प्रदूषण का स्तर सुधरकर 278 AQI पर पहुंचा। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

देशभर में सर्दी ने दस्तक दे दी है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और रात में ठंड और कोहरा महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में मौसम अभी थोड़ा सामान्य है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे उत्तर भारत के प्रमुख राज्यों में तापमान में और गिरावट आएगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, जो सर्दियों के मौसम में और बढ़ सकता है।

दिल्ली का मौसम और प्रदूषण की स्थिति आज यानी 25 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और शाम को हल्का कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 नवंबर तक दिन का तापमान 20-25 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

हालांकि प्रदूषण के स्तर में मामूली कमी आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक आज दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 278 दर्ज किया गया है, जो पहले के मुकाबले सुधार दर्शाता है। हालांकि, शहर के कई इलाकों में AQI 300 से ऊपर है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों में AQI की स्थिति पहले से कम हुई है। अलीपुर: 307, आनंद विहार: 334, शादीपुर: 346, मुंडका: 340 और वजीरपुर में वजीरपुर: 328 दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में इन इलाकों में बर्फबारी तेज होने से मैदानी इलाकों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के केरल, लक्षद्वीप और दक्षिणी असम में भी बारिश का अनुमान जताया गया है।

सर्दी बढ़ने के साथ ही ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने और घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे से बचने के लिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, खासकर सुबह और रात में यात्रा करते समय। इस सर्दी के मौसम में प्रदूषण और तापमान दोनों ही बड़ी चुनौतियां बने हुए हैं। ऐसे में मौसम विभाग की सलाह का पालन करना और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना बेहद जरूरी है।