इस वजह से सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे सात्विक-चिराग
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मंगलवार को सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया।

इस जोड़ी को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, सात्विक की चोट की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें नाम वापस लेना पड़ा। सात्विक कंधे की चोट के चलते पेरिस ओलंपिक के बाद लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा से दूर रहे।
उन्होंने पिछले सप्ताह चीन मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट में वापसी की और सेमीफाइनल में पहुंचे। चीन मास्टर्स के पहले से इस भारतीय जोड़ी को प्रशिक्षण दे रहे बी सुमित रेड्डी ने कहा कि सात्विक को पूरी तरह से उबरने में परेशानी हुई। उन्होंने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘सात्विक ने हाल ही में चोट से वापसी की है। वे लंबे समय के बाद एक साथ खेल रहे हैं।
शेनजेन में सेमीफाइनल तक के अभियान में उन्हें आराम करने का मौका नहीं मिला। कई बार चोट से पूरी तरह से उबरना मुश्किल होता है। उन्होंने अपने शरीर और आगामी सत्र को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
इस शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को चेन जू जून और गुओ रुओ हान के खिलाफ अभियान का आगाज करना था, चीन की इस जोड़ी को वॉकओवर मिल गया।