विश्व मुक्केबाजी द्वारा नए एशियाई परिसंघ के गठन का समर्थन
विश्व मुक्केबाजी ने नए स्थापित पृथक एशियाई मुक्केबाजी परिसंघ के गठन का समर्थन किया है जिसका उद्देश्य पूरे महाद्वीप में मुक्केबाजी का प्रतिनिधित्व और प्रचार करना है।

यह ऐलान एशियाई मुक्केबाजी परिसंघ के अधिकांश सदस्य संघों (36 में से 25) द्वारा शनिवार को बैंकॉक में एक बैठक के दौरान निलंबित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ को छोड़कर विश्व मुक्केबाजी में शामिल होने के खिलाफ मतदान करने के बाद हुई।
इस मतदान के बाद एएसबीसी अध्यक्ष पिचाई चुन्हावाजिरा और महासचिव अली सलामेह ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। थाईलैंड के चुन्हावाजिरा ने जल्द ही विश्व मुक्केबाजी के तत्वावधान में एक नई एशियाई मुक्केबाजी संचालन संस्था बनाने की योजना का खुलासा किया।
विश्व मुक्केबाजी ने एक्स पर समर्थन जाहिर करते हुए कहा, ‘‘हम इस खबर का स्वागत करते हैं कि एशिया में राष्ट्रीय महासंघों का एक समूह विश्व मुक्केबाजी से जुड़ा एक नया परिसंघ स्थापित करेगा।
हम इस मुद्दे पर मजबूत नेतृत्व और ओलंपिक मुक्केबाजी के प्रति प्रतिबद्धता के लिए थाईलैंड मुक्केबाजी संघ के पिचाई चुन्हावाजिरा को धन्यवाद देते हैं। पिछले साल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने वित्तीय पारदर्शिता और संचालन मुद्दों के चलते आईबीए से ओलंपिक मान्यता छीन ली थी।
आईओसी ने अपनी धमकी दोहराई है कि अगर राष्ट्रीय महासंघ निलंबित आईबीए के साथ खुद को जोड़ना जारी रखते हैं, वह 2028 ओलंपिक से मुक्केबाजी को बाहर कर देगा। पिछले साल स्थापित अलग संस्था विश्व मुक्केबाजी को आईओसी से अस्थाई मान्यता मिलने और लॉस एंजिलिस खेलों में मुक्केबाजी को शामिल करने के लिए 2025 की आगाज तक का समय मिला है।