Trending

एडिलेड टेस्ट में शुभमन गिल के खेलने पर सस्पेंस

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट 6 दिसंबर से एडिलेड ओवल मैदान पर शुरू होगा। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट पर्थ में हुआ, जिसे भारत ने 295 रनों से जीता। पर्थ टेस्ट में कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल, मोहम्मद शमी नहीं खेले थे, हालांकि एडिलेड टेस्ट से पहले कप्तान रोहित की वापसी तय हो चुकी है।

साभार : गूगल

रोहित 15 नवंबर को दूसरी बार पिता बने और इसके चलते वह टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए थे। रोहित पर्थ टेस्ट के चौथे दिन तक टीम इंडिया के साथ जुड़ चुके थे और उन्हें प्रैक्टिस करते हुए भी देखा गया था।

मोहम्मद शमी के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने की खबर नहीं आई है और ऐसा लगता नहीं है कि वह एडिलेड टेस्ट में वापसी कर पाएंगे। इन सबके बीच भारत के लिए एक और जो मुसीबत की बात है, वह ये है कि गिल का भी एडिलेड टेस्ट में खेलना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आगाज से पहले भारतीय टीम के इंट्रा स्क्वॉड मैच के दौरान गिल की अंगुली में चोट आई थी। स्लिप में फील्डिंग करते हुए गिल को यह चोट लगी। पर्थ टेस्ट के दौरान वह डगआउट में बैठे दिखे और उनके चोट पर मोटी पट्टी लगी देखी गई थी।

एक अंग्रेजी अखबार की खबर के मुताबिक गिल को 10 से 14 दिन के आराम की सलाह मिली थी। एडिलेड में खेला जाने वाला टेस्ट मैच डे-नाइट होगा और इससे पहले 30 नवंबर से भारत को दो दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेलना है। ऐसा माना जा रहा है गिल इस प्रैक्टिस मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और दूसरे टेस्ट मैच में भी उनके खेलने को लेकर सस्पेंस गहरा गया है।

मीडिया रिपोर्ट में बोला गया कि अगर एडिलेड टेस्ट से पहले उनकी चोट पूरी तरह से ठीक भी हो जाती है, तो ऐसी स्थिति में उन्हें सीधा प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने से पहले मैच प्रैक्टिस की जरूरत पड़ेगी, जो संभव नजर नहीं आ रहा है।