Trending

विश्व चेस चैंपियनशिप : डिंग लिरेन की हार, डी गुकेश ने चखा पहली जीत का स्वाद

फिडे वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप में भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने बुधवार को डिंग लिरेन को तीसरे मुकाबले में ‘टाइम कंट्रोल’ में हराया। गुकेश ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के मुकाबले में चीनी खिलाड़ी पर पहली जीत हासिल की है। इस जीत के बाद स्कोर 1.5-1.5 की बराबर हो गया है।

@FIDE_chess

फिडे वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 12 दिसंबर तक होगी। गुकेश ने 37 चालों में जीत हासिल की। लिरेन को मुकाबले के पहले चरण में काफी समय बर्बाद करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।

गुकेश ने तीसरा दौर सफेद मोहरों से खेला। 13वीं चाल तक गुकेश के पास एक घंटे की बढ़त थी और उन्होंने चार मिनट खर्च किए थे। लिरेन ने एक घंटा और छह मिनट लगा दिए थे। खेल के पहले 120 मिनट में से 40 चालों तक समय में इजाफा नहीं किया जाता। बीच में मुकाबला जटिल होने से लिरेन पर असर पड़ा और गुकेश ने परफेक्ट चालों से उन पर दबाव बढ़ा दिया।

गुकेश ने क्रामनिक रणनीति अपनाई। यह रणनीति पूर्व वर्ल्ड चैंपियन रूस के ब्लादीमिर एरिगेसी क्रामनिक ने एक रैपिड मुकाबले में भारत के अर्जुन एरिगेसी के खिलाफ अपनाई थी। एरिगेसी ने वह मुकाबला ड्रॉ कराया था। गुकेश ने लिरेन की सहज गलतियों का फायदा उठाकर जीत हासिल की। लिरेन के पास आखिरी नौ चाल के लिए दो मिनट और आखिरी छह चाल के लिए दस सेकंड बचे थे। अंत में उनके पास समय ही बाकी नहीं रह गया।