रेयान हैरिस को आस, दूसरे टेस्ट में अच्छा करेंगे नाथन मैकस्वीनी
टेस्ट डेब्यू में नाथन मैकस्वीनी भले ही संघर्ष करते दिखे हों, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज रेयान हैरिस ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इस युवा सलामी बल्लेबाज के अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा कि वह इस भूमिका के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

डेविड वॉर्नर की जगह मैकस्वीनी को टीम में जगह मिली थी, वह पर्थ में पहले टेस्ट में भारत के गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ महज 10 रन और शून्य ही बना सके।
हैरिस दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की प्रथम श्रेणी टीम में मैकस्वीनी को कोचिंग देते हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है, हर किसी की तरह उसे भी रन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना और पारी का आगाज करना थोड़ा अलग है। ऐसा नहीं है कि वह तैयार नहीं है। नाथन इसके लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा, भले ही उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही, वह पर्थ में दो अच्छी गेंद से निपटने में सफल रहा। उन्होंने सुझाव दिया कि मैकस्वीनी भले ही सलामी बल्लेबाज के लिए उपयुक्त है, लंबे समय में उसके लिए बल्लेबाजी क्रम में तीसरा नंबर अच्छा रह सकता है।
मैकस्वीनी दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। उन्होंने टीम के लिए पिछली चार पारियों में 291 रन बनाये हैं। भारतीय गेंदबाजों खासकर जसप्रीत बुमराह का सामना करने का अपना अनुभव साझा करते हुए मैकस्वीनी ने आगे की चुनौती की बात स्वीकार करे हुए कहा, शील्ड क्रिकेट में आप हर दिन गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ियों को देखते हैं और उनकी गेंद खेलते हैं।
जब आप अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से खेलते हैं तो चीजें अलग होती हैं, हमने कभी भी ऐसा अनुभव नहीं किया था। मैकस्वीनी ने भारत ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट में नाबाद 88 रन बनाये थे, उन्होंने बुमराह के अलग एक्शन से मिलने वाली चुनौती स्वीकार की।
उन्होंने कहा, उनका गेंदबाजी एक्शन थोड़ा अलग है, अनोखा एक्शन है। उनकी गेंदबाजी से रन चुराने की कोशिश करना थोड़ा पेचीदा है। मैं रन जोड़ने के लिए बेहतर प्रयास करूंगा। मैं एडिलेड में एक और मौका मिलने के लिए उत्सुक हूं। ऑस्ट्रेलिया छह दिसंबर से एडिलेड में गुलाबी गेंद के टेस्ट में भारत से भिड़ेगी।