Trending

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : ईशान किशन की शानदार पारी, झारखंड ने बनाया ये रिकॉर्ड

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड और अरुणाचल प्रदेश के बीच एक मैच के दौरान ईशान किशन ने 334.78 के स्ट्राइक रेट के साथ धुआंधार पारी खेल इतिहास रचा। ईशान ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

अरूणाचल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, टीम सिर्फ 93 रन पर आउट हो गई, जिसमें कोई भी बल्लेबाज 14 रन से ज्यादा नहीं बना सका। अनुकूल रॉय, जिन्हें हाल ही में आईपीएल नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 40 लाख में खरीदा था, उन्होंने चार विकेट झटके, रवि यादव को तीन सफलताएं मिली।

साभार : गूगल

जवाब में झारखंड ने मात्र 27 गेंदों में इस लक्ष्य को चेज कर लिया। ईशान ने इस दौरान मात्र 23 गेंदों पर 334.78 के स्ट्राइक रेट के साथ 77 रन बनाए।

किशन की पारी टूर्नामेंट के इतिहास में स्ट्राइक रेट के मामले में किसी भी खिलाड़ी (जिसने 20 से अधिक गेंदों का सामना किया) द्वारा सबसे तेज है। उन्होंने अनमोलप्रीत सिंह (334.61) को मामूली अंतर से पीछे छोड़ है।

यह सुरेश रैना (348) के बाद किसी भी भारतीय द्वारा दूसरी सबसे तेज पारी भी है। रैना ने आईपीएल 2014 के क्वालीफायर 2 में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 25 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली थी।

ईशान की इस पारी के साथ झारखंड ने भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रन चेज के दौरान टीम का रन रेट 20.88 का था जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में कम से कम 1 ओवर खेलने वाली टीमों में सबसे अधिक है। झारखंड ने रोमानिया के वर्ल्ड रिकॉर्ड (20.47) को तोड़ा जो उन्होंने 2021 में सर्बिया के खिलाफ बनाया था।