Trending

आईसीसी चेयरमैन बनते ही जय शाह ने महिला क्रिकेट को लेकर दिया बयान

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने आईसीसी का चेयरमैन पद संभाल लिया है। न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह लेने वाले 36 वर्षीय जय शाह आईसीसी के सबसे कम उम्र के चेयरमैन बन गए हैं।

आईसीसी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, आईसीसी चेयरमैन के तौर पर जय शाह का कार्यकाल शुरू होने के साथ ग्लोबल क्रिकेट का नया चैप्टर शुरू हुआ है। पद संभालने के बाद शाह ने अपने पहले बयान में कहा कि क्रिकेट के अलग-अलग फॉर्मेट्स को बढ़ावा मिले और महिला क्रिकेट में और तेजी लाना हमारी प्राथमिकता है।

@ICC

शाह ने कहा, आईसीसी अध्यक्ष की भूमिका के लिए चुने जाने पर डायरेक्टर्स और मेंबर बोर्ड्स के समर्थन और भरोसे के लिए आभारी हूं। ग्लोबल क्रिकेट में अपार संभावनाएं हैं और मैं हर मौके पर खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आईसीसी टीम और सदस्य देशों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।

उन्होंने कहा, यह रोमांचक समय है क्योंकि हम 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं और दुनियाभर के फैंस के लिए क्रिकेट को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम कोशिश करेंगे कि वे खेल से जुड़ाव महसूस करें।

आईसीसी चेयरमैन ग्रेग बार्कले का कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हुआ था। वे 2020 से इस पद पर थे। आईसीसी ने 20 अगस्त को बताया था कि बार्कले तीसरा कार्यकाल नहीं लेंगे।

इसके बाद नए चेयरमैन के लिए आवेदन मांगे गए। नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख मंगलवार, 27 अगस्त तक जय के अलावा पद के लिए किसी और ने नॉमिनेशन नहीं भरा था। ऐसे में चुनाव नहीं हुआ और वे निर्विरोध चुन लिए गए।

जय शाह इसी साल 22 सितंबर को 36 साल के हुए हैं। वे आईसीसी के सबसे युवा चेयरमैन हैं। उनसे पहले बने सभी 15 चेयरमैन की उम्र 55 साल से ज्यादा रही है। 2006 में दक्षिण अफ्रीका के पर्सी सोन 56 साल की उम्र में सबसे युवा प्रेसिडेंट बने थे। जय शाह उनसे भी 20 साल छोटे हैं।

जय शाह ने 2009 में अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य बने थे। सितंबर 2013 में वे गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बने। 2015 में बीसीसीआई की वित्त समिति के सदस्य बने। 2019 में पहली बार बीसीसीआई के सेक्रेटरी बने। उसके बाद 2022 में दोबारा आईसीसी के सेक्रेटरी चुने गए।

शाह 2021 में एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट बने। जनवरी 2024 में उन्हें दोबारा एशियन क्रिकेट काउंसिल प्रेसिडेंट चुना गया। 2022 में वह आईसीसी के फाइनेंस एंड कॉर्मशियल अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन नियुक्त किए गए। उन्हें ओलंपिक गेम्स के लिए आईसीसी ओलंपिक वर्किंग ग्रुप का मेंबर भी बनाया गया।

जय शाह को 27 अगस्त को आईसीसी चीफ चुना गया था। तब उन्होंने कहा था, मुझे आईसीसी का चेयरमैन चुनने के लिए सभी का धन्यवाद। मैं क्रिकेट को ग्लोबली बढ़ाने के लिए काम करता रहूंगा। फिलहाल क्रिकेट के मल्टिपल फॉर्मेट को बढ़ावा देना जरूरी है। मैं खेल में नई टेक्नोलॉजी लाने की कोशिश करूंगा, साथ ही वर्ल्ड कप जैसे इवेंट्स को ग्लोबल मार्केट तक भी पहुंचाऊंगा।

शाह ने कहा था, क्रिकेट का ओलंपिक 2028 में शामिल होना बड़ी उपलब्धि है। इसे हम ओलंपिक के जरिए ग्लोबल पहचान दिलाएंगे और ज्यादा देशों तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

जय शाह आईसीसी चीफ का पद संभालने वाले 5वें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर आईसीसी प्रमुख रह चुके हैं। आईसीसी चीफ को 2015 से पहले तक प्रेसिडेंट कहा जाता था। इसके बाद से इसे चेयरमैन कहा जाने लगा।

आईसीसी के 15वें अध्यक्ष का कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हुआ है। वे 2016 से 2020 तक न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रहे थे। उस दौरान कीवी टीम वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि फाइनल में इंग्लैंड ने सुपर ओवर में उसे हराया था।