बार्सिलोना का विजय रथ रुका, लीग ला लिगा में लास पालमास ने हराया
बार्सिलोना का विजय अभियान थम गया। उसे स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा के एक मैच में लास पालमास ने 2-1 से हराया। लास पालमास के लिए सैंड्रो रामिरेज़ और फैबियो सिल्वा ने गोल दागे, जबकि बार्सिलोना की तरफ से एकमात्र गोल राफिन्हा ने किया।
बार्सिलोना ने नए कोच हैंसी फ्लिक के नेतृत्व में पहले तीन महीनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस बीच उसने अपने घरेलू मैदान पर ला लिगा में अपने चिर प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड और चैंपियंस लीग में बायर्न म्यूनिख को भी हराया था। लास पालमास से हार से पहले उसने अपने घरेलू मैदान पर सभी आठ मैच जीते थे।

लास पालमास ने 1971-72 सत्र के बाद बार्सिलोना में पहली जीत दर्ज की। उसे इस बीच बार्सिलोना में 34 मैच में हार मिली, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे। यह उसकी बार्सिलोना पर कुल मिलाकर तीसरी जीत है। इस हार ने बार्सिलोना की 125वीं वर्षगांठ के जश्न को फीका कर दिया।