Trending

अर्जुन अब 2800 ईएलओ रेटिंग वाले दूसरे भारतीय व दुनिया के 16वें खिलाड़ी

 ‘64 खानों की दुनिया में भारतीय वर्चस्व लगातार बढ़ता जा रहा है। अब भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज करा ली है। वह महान खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के बाद गोल्ड स्तर की 2800 ईएलओ रेटिंग हासिल करने वाले दूसरे भारतीय और दुनिया के 16वें खिलाड़ी बन गए हैं। वह नवीनतम विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं।

@FIDE_chess

21 वर्षीय एरिगेसी इस साल बेहतरीन फॉर्म में हैं। तेलंगाना के वारंगल में जन्मे एरिगेसी ने हाल में शतरंज ओलंपियाड में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन के दौरान व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने के अलावा टीम को खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।

14 साल 11 महीने 13 दिन की उम्र में ही एरिगेसी ने ग्रैंडमास्टर खिताब हासिल किया था। सितंबर में वह भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी बने थे। विश्व रैंकिंग में अब एरिगेसी से आगे नॉर्वे के दिग्गज मैग्नस कार्लसन (2831), अमेरिका के फैबियानो कारुआना (2805) और अमेरिका के ही हिकारु नाकामूरा (2802) हैं।

18 वर्षीय डी गुकेश 2783 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर हैं जो सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप मुकाबले में चीन के डिंग लिरेन को चुनौती दे रहे हैं। लिरेन (2728) 22वें पायदान पर हैं।

37  साल की उम्र में विश्वनाथन आंनद ने 2006 में 2800 ईएलओ रेटिंग हासिल की थी। उस समय वह भी ऐसा करने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी थे। उनसे ऊपर व्लादिमीर क्रैमनिक, वेसलिन टोपालोव और गैरी कास्पारोव थे। अब एरिगेसी ने वही उपलब्धि मात्र 21 साल की उम्र में हासिल करके खुद को उनके बहुत पास तक पहुंचाया।