प्रैक्टिस मैच : ऑस्ट्रेलिया पीएम-11 के खिलाफ भारत की जीत
प्रैक्टिस मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पीएम-11 को 6 विकेट से हराया। मैच खत्म होने के बाद भी भारतीय टीम ने अपने पूरे (46) ओवर खेले। दो दिन तक चलने वाला यह पिंक बॉल मैच पहले दिन शनिवार को बारिश के चलते नहीं हो सका था। जिसके बाद रविवार को दोनों टीमों ने 46-46 ओवर का मुकाबला खेला।

कैनबरा में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री इलेवन 43.2 ओवर में 240 रन पर ढेर हुई। सैम कोंसटास ने 107 रन की पारी खेली। भारत के लिए हर्षित राणा ने 4 विकेट झटके।
जवाब में भारत ने 42.5 ओवर में 4 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंगूठे की चोट से वापसी कर रहे शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। पीएम-11 की तरफ से चार्ली एंडरसन ने 2 विकेट झटके।
ओपनर सैम कोंसटास ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 107 रन बनाए। पीएम -11 ने एक समय 22 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जैक क्लेटन और कोंसटास ने तीसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़े। क्लेटन ने 52 बॉल पर 40 रन की पारी खेली।

सैम कोंसटास ने 90 गेंदों पर सेंचुरी लगाई। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। पारी में उन्होंने 14 चौके और 1 सिक्स लगाया। आकाश दीप ने 38वें ओवर की आखिरी गेंद पर सैनी के हाथों कैच आउट करा कर कोंसटास को पवेलियन भेजा।
हर्षित राणा ने इस मुकाबले में चार विकेट झटके। उन्होंने 6 ओवर की गेंदबाजी में 44 रन दिए। 23वें ओवर में उन्होंने 2 विकेट झटके। हर्षित ने चौथी गेंद पर सेट बल्लेबाज जैक क्लेटन को बोल्ड किया। इसके बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ओलिवर डेविस को शून्य के स्कोर पर हर्षित ने आउट किया।
हर्षित ने 25वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान जैक एडवर्ड्स को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराया। एडवर्ड्स ने 6 गेंदों का सामना करके 1 रन बनाए। इसके बाद सैम हार्पर को शून्य के स्कोर पर आउट किया।

241 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शानदार शुरुआत मिली। ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने मिलकर 75 रन जोड़े। भारत का पहला विकेट यशस्वी के रूप में गिरा उन्होंने 45 रन की पारी खेली। राहुल 27 रन बनाकर रिटायर्ड हुए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल ने 62 बॉल पर 50 रन की पारी खेली। उन्होंने नीतीश रेड्डी के साथ मिलकर 92 रन जोड़े। नीतीश को 42 रन पर स्पिनर लॉयड पोप ने आउट किया।
रोहित शर्मा पर्थ में हुए पहले टेस्ट में नहीं खेल सके थे। पीएम -11 के खिलाफ रोहित शर्मा दूसरे विकेट के बाद बैटिंग करने उतरे और 3 रन के स्कोर पर आउट हो गए। भारत का चौथा विकेट रवींद्र जडेजा के रूप में गिरा। उन्होंने 31 बॉल पर 27 रन बनाए।