विश्व शतरंज चैंपियनशिप : ड्रॉ के बाद, जीत हासिल करना चाहेंगे डी गुकेश व डिंग लिरेन
भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश और गत चैंपियन डिंग लिरेन मंगलवार को विश्व शतरंज चैंपियनशिप के सातवें दौर में जब आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य लगातार चार बाजियां ड्रॉ खेलने के बाद जीत हासिल करना होगा।
गुकेश सफेद मोहरों से खेलने के बावजूद पहली बाजी हारे थे, दूसरी बाजी इस भारतीय खिलाड़ी के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली थी क्योंकि चीन के खिलाड़ी ने जीत के लिए किसी तरह का प्रयास नहीं किया और आसान ड्रॉ होने दिया।

गुकेश ने लिरेन की गलती का फायदा उठाकर तीसरी बाजी जीतकर अच्छी वापसी की, इसके बाद अगली तीन बाजियों में किसी भी खिलाड़ी ने जोखिम लेना उचित नहीं समझा और आपस में अंक बांटे। यह मुकाबला 14 दौर का है तथा जो भी खिलाड़ी पहले 7.5 अंक बनाएगा वह विश्व चैंपियन बनेगा।
दोनों खिलाड़ियों ने जैसे खेल दिखाया है उसे देखते हुए किसी को भी प्रबल दावेदार नहीं माना जा सकता। गुकेश मंगलवार को सातवीं बाजी सफेद मोहरों से खेलेंगे। वह इसका फायदा उठाकर चीन के खिलाड़ी पर दबाव बनाना चाहेंगे।