रोहित शर्मा आउट ऑफ फॉर्म, कौन करेगा भारत के लिए ओपनिंग, केएल राहुल के आंकड़े लाजवाब
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के लिए कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया आ चुके हैं और उन्होंने प्रैक्टिस मैच में भी भाग लिया। उनका बल्ला नहीं चला, वे कप्तान हैं तो उनका खेलना तय है।

ऐसे में संकट ये है कि पिंक बॉल टेस्ट मैच में एडिलेड के मैदान पर भारत के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ ओपन कौन करेगा? केएल राहुल का नाम इस समय सबसे आगे है, क्योंकि उन्होंने पर्थ में अच्छी बल्लेबाजी की थी और प्रैक्टिस मैच में भी उन्होंने रन बनाए।
रोहित शर्मा जो पहले से ही आउट ऑफ फॉर्म हैं, उनके लिए चिंता यही है कि वे किस नंबर पर खुद को फिट करेंगे। अगर हम केएल राहुल के पिछले कुछ आंकड़ों को देखें तो रोहित शर्मा खुद ही चाहेंगे कि वे केएल को ओपन करने दें।
दरअसल, साल 2015 के बाद से केएल राहुल एकमात्र बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में हैं, जिन्होंने घर से बाहर ओपनर के तौर पर 6 शतक जड़े हैं। दूसरे नंबर पर इस लिस्ट में उस्मान ख्वाजा हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए विदेशी सरजमीं पर पिछले 10 साल में 5 ही शतक जड़े हैं।
इसके अलावा 4-4 शतक इस अवधि में अन्य सात क्रिकेटरों ने जड़े हैं, जिनमें पाकिस्तान के अजहर अली, वेस्टइंडीज के क्रैग ब्रैथवेट, भारत के शिखर धवन, दक्षिण अफ्रीका के डीन एल्गर, श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने और न्यूजीलैंड के टॉम लैथम का नाम है। इनमें से कई क्रिकेटर तो रिटायर हो चुके हैं, केएल राहुल के आंकड़े वाकई में लाजवाब हैं।
केएल राहुल ने टेस्ट करियर में 8 शतक हैं और इनमें से 6 शतक वे ओपनर के तौर पर विदेशी सरजमीं पर जड़ चुके हैं। इन आंकड़ों को देखकर रोहित शर्मा खुद ही कुर्बानी दे सकते हैं और वे फिर से मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। वे टेस्ट करियर की शुरुआत में भी मध्य क्रम में खेले थे।
जैसे ही उन्होंने ओपनर के तौर पर फिर से वापसी तो वे अलग रोहित नजर आए। अब सवाल ये है कि क्या मैनेजमेंट ये रिस्क लेगा कि उनको नंबर 5 या 6 पर भेजा जाए या फिर केएल राहुल को कहा जाएगा कि आप नंबर 5 या 6 पर जाओ, क्योंकि वे पिछले कुछ मैच उसी नंबर पर खेले हैं।