किंग्स्टन टेस्ट : वेस्टइंडीज की हार, बांग्लादेश सीरीज को ड्रॉ कराने में सफल
बांग्लादेश ने किंग्स्टन टेस्ट में वेस्टइंडीज को 101 रन से हराया। इस जीत से बांग्लादेशी टीम 2 मैचों की सीरीज 1-1 से ड्रॉ कराने में सफल हो गई है। टीम पहले मुकाबले में 201 रन से हारी थी।

मुकाबले के चौथे दिन मंगलवार को बांग्लादेश ने 193/5 के स्कोर से खेलना शुरू किया। टीम ने दूसरी पारी में 268 रन बनाते हुए विंडीज को 287 रन का टारगेट दिया। जवाब में वेस्टइंडीज 185 रन पर ढेर हो गई। पहली पारी में एक विकेट लेने वाले तैजुल इस्लाम ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जॉयडन सिल्स प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
29 से अपनी पारी को आगे बढ़ाने वाले जाकेर अली 91 रन बनाए। उन्होंने मिडिल-लोअर ऑर्डर में तैजुल इस्लाम, हसन महमूद और नाहिद राणा के साथ अहम साझेदारियां करके टीम का स्कोर 268 रन पहुंचाया।

जाकेर ने तैजुल इस्लाम के साथ 34, हसन महमूद के साथ 32 और नाहिद राणा के साथ 22 रनों की पार्टनरशिप की। तैजुल इस्लाम ने 14 रन बनाए। लोअर ऑर्डर का कोई और बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। विंडीज के अल्जारी जोसेफ और केमार रोच ने 3-3 विकेट झटके।
287 रन का टारगेट चेज करने उतरी वेस्टइंडीज दूसरी पारी में 185 रन ही बना सकी। होस्ट टीम की ओर से ओपनर क्रेग ब्रेथवेट ने 43 और हॉज ने 55 रन बनाए । जस्टिन ग्रेविस ने 20 रन बनाए। शेष बैटर्स खास नहीं कर सके।

बांग्लादेश की ओर से दूसरी पारी में तैजुल इस्लाम ने 5 विकेट झटके। हसन महमूद और तस्कीन अहमद ने 2-2 विकेट झटके। पिछली पारी में 5 विकेट लेने वाले नाहिद राणा को एक विकेट मिला। बांग्लादेशी गेंदबाज तैजुल इस्लाम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्स्टन टेस्ट की दूसरी पारी में 5 विकेट झटके। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
