अंडर-19 एशिया कप : यूएई पर जीत से भारत सेमीफाइनल में
वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के अर्धशतक से भारत ने बुधवार को ग्रुप ए में संयुक्त अरब अमीरात को 10 विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 44 ओवर में 137 रन पर ढेर हुई।
तेज गेंदबाज युद्धजीत गुहा भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 15 रन देकर तीन विकेट झटके। चेतन शर्मा (27 रन पर दो विकेट) और ऑलराउंडर हार्दिक राज (28 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट झटके।

जवाब में भारत ने सूर्यवंशी (46 गेंद में नाबाद 76) और आयुष (51 गेंद में नाबाद 67) के बीच पहले विकेट की शतकीय साझेदारी से 16.1 ओवर में बिना विकेट गिरे 143 रन बनाकर जीत दर्ज की। सूर्यवंशी ने हाल में आईपीएल नीलामी में सुर्खियां बटोरी थी जब राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें एक करोड़ 10 लाख में खरीदा। वह लीग के इतिहास में नीलामी में उतरने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे जबकि आयुष ने चार छक्के और इतने ही चौके जड़े। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप के पहले मैच में 43 रन की हार के साथ की थी, जापान को 211 रन से हराया था। भारत सेमीफाइनल में ग्रुप बी में शीर्ष पर रहे श्रीलंका से भिड़ेगा जबकि ग्रुप ए में शीर्ष पर रहा पाकिस्तान शुक्रवार को बांग्लादेश से खेलेगा।