सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : यूपी की जीत, भुवनेश्वर कुमार की टी20 में पहली हैट्रिक
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने गुरुवार को झारखंड के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के अंतिम ग्रुप चरण मैच में हैट्रिक ली। भुवी की टी20 क्रिकेट में ये पहली हैट्रिक है। पिछले महीने हुई आईपीएल नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में शामिल हुए भुवनेश्वर कुमार ने करो या मरो वाले मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम में उपलब्धि हासिल की।

भुवनेश्वर कुमार ने झारखंड और यूपी के बीच खेले गए मुकाबले में झारखंड की पारी के 17वें ओवर में हैट्रिक ली। उन्होंने मेडन ओवर भी डाला। भुवनेश्वर के दमदार प्रदर्शन से यूपी ने झारखंड को 10 रन से हराया। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय जर्सी पहनी थी।
भुवनेश्वर कुमार ने मैच में लगातार गेंदों पर रॉबिन मिंज, बाल कृष्ण और विवेक आनंद तिवारी को आउट कर सनसनीखेज हैट्रिक पूरी की और मेडन ओवर भी फेंका। इसके साथ ही वह जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सीजन में हैट्रिक लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गए हैं, इससे पहले आकाश मधवाल, श्रेयस गोपाल और फेलिक्स अलेमाओ ये कारनामा कर चुके हैं।
भुवनेश्वर कुमार को आईपीएल मेगा नीलामी में आरसीबी ने 10.75 करोड़ में खरीदा। भुवनेश्वर को सनराइजर्स हैदराबाद ने रिलीज कर दिया था। वह 2014 से हैदराबाद की टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने 2016 और 2017 में टीम के लिए खेलते हुए पर्पल कैप भी जीता था।