आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की होड़ में जसप्रीत बुमराह
नवंबर आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड की रेस में भारत के जसप्रीत बुमराह का नाम जोड़ा गया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में 8 विकेट झटके थे। बुमराह के साथ पाकिस्तान के हारिस रऊफ और दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन भी नॉमिनेट हुए हैं।

महिला में बांग्लादेश की शरमिन अख्तर, इंग्लैंड की डैनी व्याट-हॉज और दक्षिण अफ्रीका की नदिन डी क्लर्क को नॉमिनेट किया गया। महिला में तीनों नॉमिनेशन बैटर को हुए, वहीं पुरुष में तीनों नॉमिनेशन बॉलर्स को हुए। नवंबर में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे और 3 टी-20 की सीरीज हुई। 3 वनडे में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज ने 10 विकेट झटके थे, जिसकी मदद से टीम ने ऑस्ट्रेलिया में 22 साल बाद वनडे सीरीज जीती थी।
तीनों वनडे में रऊफ ने खतरनाक ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन भी लौटाया था। रऊफ वनडे में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। जिसके बाद उन्होंने 3 टी-20 में भी 5 विकेट झटके थे। नवंबर में उन्होंने 6 मैच में 15 विकेट अपने नाम किए।
दक्षिण अफ्रीका के लेफ्ट आर्म पेसर मार्को यानसन अवॉर्ड जीतने की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में महज 13 रन देकर 7 विकेट झटके थे। जिसकी बदौलत श्रीलंका महज 42 रन पर ऑलआउट हुई थी। उन्होंने दूसरी पारी में फिर 4 विकेट लिए थे। 11 विकेट लेने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला था।
टेस्ट से पहले यानसन ने भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में बैट से कमाल का प्रदर्शन किया था। तीसरे टी-20 में उन्होंने महज 17 बॉल पर 54 रन बना दिए थे, वहीं चौथे टी-20 में उनके नाम 29 रन रहे। दोनों मैच दक्षिण अफ्रीका ने गंवा दिए थे, लेकिन यानसन का प्रदर्शन शानदार रहा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह ने भारत की कप्तानी की। रोहित शर्मा पैटर्निटी लीव के कारण पर्थ में मुकाबला नहीं खेल सके। पहले खेलते हुए टीम इंडिया 150 रन ही बना सकी, यहां कप्तान बुमराह ने टीम का कमबैक कराया। उन्होंने महज 30 रन देकर 5 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को 104 रन पर रोक दिया।
बुमराह ने फिर दूसरी पारी में 42 रन देकर 3 विकेट लिए और भारत ने 295 रन से मुकाबला जीता। इस प्रदर्शन के लिए बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए और भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
महिला प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश की प्लेयर नॉमिनेट हुई हैं। नदिन डी क्लर्क ने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में 80 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी लिए थे। डानी व्याट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 163.21 के स्ट्राइक रेट से 142 रन बनाए और अपनी टीम को 3-0 से सीरीज जिताई।
वहीं शरमिन अख्तर ने आयरलैंड के खिलाफ 2 वनडे में करीब 70 की औसत से 139 रन बनाए थे। उन्होंने 96 और 43 रन की पारियां खेलीं, जिसकी मदद से बांग्लादेश ने सीरीज में 3-0 से सीरीज जीती। शरमीन ने फिर दिसंबर में खेले गए तीसरे वनडे में 72 रन बनाए।