एडिलेड टेस्ट की पहली ही गेंद पर यशस्वी आउट, ऐसा रहा मिचेल स्टार्क का रिएक्शन
यशस्वी जायसवाल ने पर्थ टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 171 रन जड़े थे और इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क से कुछ पंगा भी लिया था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच एडिलेड ओवल मैदान पर हो रहा है।
डे-नाइट टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीता और पहले बैटिंग चुनी। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल भारत के लिए पारी का आगाज करने उतरे। पर्थ टेस्ट में जब जायसवाल ने दूसरी पारी में 171 रन बनाए थे, तब उन्होंने स्टार्क को कुछ कहा था, जो स्टंप माइक में कैच हो गया था।

जायसवाल ने स्टार्क से कहा था कि आप धीमी गति से गेंदबाजी कर रहे हैं। एडिलेड टेस्ट से पहले जब स्टार्क से इसको लेकर सवाल किया गया था, तो उन्होंने कहा कि जायसवाल की बात उन्होंने सुनी नहीं थी और अब वह ज्यादा कुछ कहते नहीं हैं।
खैर स्टार्क ने अगले टेस्ट की पहली ही गेंद पर अपना बदला पूरा कर लिया। स्टार्क ने एडिलेड टेस्ट की पहली ही गेंद पर जायसवाल को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। जायसवाल गोल्डन डक का शिकार हो गए। इसके बाद हालांकि केएल राहुल और शुभमन गिल ने मिलकर अच्छी साझेदारी निभाई।
केएल राहुल 37 रन बनाकर आउट हुए और गिल 31 रन बनाकर आउट हुए। विराट कोहली सात रन बनाकर आउट हुए। स्टार्क ने जायसवाल के अलावा केएल राहुल और विराट कोहली को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया है। एडिलेड टेस्ट डे-नाइट है और पिंक बॉल से हो रहा है और पिंक बॉल टेस्ट में मिचेल स्टार्क का प्रदर्शन हमेशा से शानदार रहा है।