एशियाई क्रिकेट परिषद के नए अध्यक्ष बने श्रीलंका क्रिकेट के प्रमुख शम्मी सिल्वा
श्रीलंका क्रिकेट के प्रमुख शम्मी सिल्वा को एशियाई क्रिकेट परिषद का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह की जगह लेंगे, जिन्होंने 1 दिसंबर को आईसीसी के अध्यक्ष का पदभार संभाला था।

सिल्वा (64) इससे पहले कई वर्षों तक एसीसी वित्त एवं विपणन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। शुक्रवार, 6 दिसंबर को एसीसी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में शाह के स्थान पर सिल्वा को नियुक्त किए जाने की पुष्टि की गई।
एसीसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है, एशियाई क्रिकेट परिषद को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने आधिकारिक तौर पर एसीसी के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया है। सिल्वा इस भूमिका में व्यापक विशेषज्ञता लेकर आए हैं, उन्होंने कई वर्षों तक एसीसी वित्त एवं विपणन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है।
एसीसी अध्यक्ष बनने के बाद सिल्वा ने कहा, क्रिकेट एशिया की धड़कन है और मैं इस खेल को आगे बढ़ाने, उभरती प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने और इस खूबसूरत खेल के माध्यम से हमें एकजुट करने वाले बंधनों को मजबूत करने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।
बता दें, पद को छोड़ने से पहले पूर्व बीसीसीआई सचिव शाह ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए। एशियाई क्रिकेट परिषद के नए प्रमुख के रूप में सिल्वा की नियुक्ति की घोषणा करते हुए, एसीसी ने अपने कार्यकाल के दौरान उनके अनुकरणीय नेतृत्व और महत्वपूर्ण योगदान के लिए शाह की भी सराहना की।
आधिकारिक बयान में कहा गया है, शाह के नेतृत्व में, एसीसी ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं, जिसमें 2024-31 के लिए एसीसी एशिया कप टूर्नामेंट के अपने वाणिज्यिक अधिकारों के लिए सफलतापूर्वक उच्चतम मूल्य प्राप्त करना, एक नए पाथवे इवेंट ढांचे की शुरुआत और अपने सदस्य देशों में क्रिकेट का निरंतर विकास और वृद्धि शामिल है।