एक साल के लिए बढ़ा मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट का अनुबंध
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट का अनुबंध एक साल के लिए बढाया है। यह घोषणा अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से कुछ महीने पहले की गई है।

अफगानिस्तान पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग लेगा। इंग्लैंड के 43 वर्षीय पूर्व बल्लेबाज ट्रॉट ने जुलाई 2022 में अफगानिस्तान के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके मार्गदर्शन में टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रभावशाली प्रगति की है।
बोर्ड ने बयान में कहा, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ट्रॉट को अफगानिस्तान की टीम के साथ अगले साल के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता है। वह अफगानिस्तान क्रिकेट को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
ट्रॉट की नियुक्ति के बाद से अफगानिस्तान ने 34 वनडे खेले हैं, जिनमें से 14 में उसने जीत हासिल की है। इस दौरान अफगानिस्तान ने जो 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले उनमें से 20 में उसे जीत मिली।
अफगानिस्तान जिंबॉब्वे दौरे पर है जहां वह तीन टी20, तीन वनडे और जो टेस्ट मैच खेलेगी। ट्रॉट वनडे श्रृंखला के लिए ही अपनी सेवाएं दे पाएंगे। वह व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं के चलते टी20 और टेस्ट श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। बयान में कहा गया है कि ट्रॉट की अनुपस्थिति में हामिद हसन मुख्य कोच और नवरोज मंगल सहायक मुख्य कोच की भूमिका होंगे।