Trending

सैयद मुश्ताक अली : बड़ौदा पर 6 विकेट की जीत से मुंबई फाइनल में

मुंबई टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल में मुंबई ने बड़ौदा को 6 विकेट से हराया है।

साभार : गूगल

मैच में जीत के लिए मिले 159 रन के लक्ष्य को मुंबई ने अजिंक्य रहाणे (98) की पारी से हासिल किया। मुंबई ने 2022-23 के बाद फाइनल में जगह बनाई है।

शास्वत रावत (33) और कप्तान क्रुणाल पांड्या (30) की संतुलित पारियों के बाद अंत में शिवालिक शर्मा (36) ने बड़ौदा को 158/7 के स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई से सूर्यांश शेडगे ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके। जवाब में मुंबई ने 30 के टीम स्कोर पर पृथ्वी शॉ (8) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया।

इसके बाद रहाणे (98) और श्रेयस अय्यर (46) ने उम्दा पारी खेली और मुंबई ने 17.2 ओवर में मैच जीता। रहाणे ने इस टूर्नामेंट में अपना बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए सिर्फ 28 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हार्दिक पांड्या समेत विपक्षी गेंदबाजों की खूब धुनाई की। यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निलकने वाली लगातार तीसरी 50+ रन की पारी रही। वह 56 गेंदों पर 11 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 98 रन बनाकर आउट हुए।

वह इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनान वाले बल्लेबाज भी बने। मौजूदा सीजन में रहाणे ने 8 मैचों की 7 पारियों में 61.71 की औसत और 169.41 की स्ट्राइक रेट के साथ 432 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 98 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 अर्धशतक लगाए हैं।

उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 400 रन का आंकड़ा नहीं छू सका है। उनके बाद इस सूची में बिहार के सकीबुल गनी हैं, जिन्होंने 7 पारियों में 353 रन बनाए हैं। एक छोर से रहाणे की उम्दा बल्लेबाजी के साथ-साथ दूसरे छोर से अय्यर ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की।

अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अय्यर 30 गेंदों में 46 रन की पारी खेलकर आउट हुए। वह मौजूदा सीजन में अपने दूसरे अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। आउट होने से पहले अय्यर ने रहाणे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की।