सैयद मुश्ताक अली : फाइनल में मध्य प्रदेश, मुंबई से होगी खिताबी टक्कर
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश टीम ने दिल्ली टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उसकी 15 दिसंबर को मुंबई टीम से खिताबी टक्कर होगी।

मैच में 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश ने महज 15.3 ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली टीम को नियमित अंतराल पर झटके लगे और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
इसके बाद अनुज रावत (33), प्रियांश आर्य (29) और मयंक रावत (24) ने स्कोर को 20 ओवर में 146/5 पर पहुंचाया। जवाब में मध्य प्रदेश को शुरुआती झटके लगे, लेकिन बाद में हर्ष गवली (30), हरप्रीत सिंह भाटिया (41) और रजत पाटीदार (66) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15.4 ओवर में टीम को जीत दिलाई। पाटीदार ने शुरुआती झटके लगने के बाद लड़खड़ाई मध्य प्रदेश की पारी को न केवल संभाला, बल्कि दबाव से बाहर निकालते हुए जीत भी दिलाई।
उन्होंने मैदान के चारो ओर शॉट खेले और गेंदबाजों पर दबाव बनाया। उन्होंने हरप्रीत के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 106 रन की शतकीय साझेदारी भी निभाई। पाटीदार ने महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 29 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों से 66 रन बनाकर नाबाद रहे।
मैच में प्रियांश ने पारी की शानदार शुरुआत, लेकिन वह 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस दौरान उन्होंने मौजूदा सीजन में 300 रन भी पूरे कर लिए। उनके अब 9 पारियों में करीब 42 की औसत और 180 की स्ट्राइक रेट से 325 रन हो गए हैं।
इसी तरह पाटीदार ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सीजन में 300 रन पूरे किए। उनके अब 42 से अधिक की औसत के साथ 347 रन हो गए हैं। मध्य प्रदेश ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है।
इससे पहले उसने 2010-11 के सीजन में फाइनल तक का सफल तय किया था, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे बंगाल टीम से हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में अब मध्य प्रदेश की टीम अपना पहला खिताब जीतने का प्रयास करेगी।