Trending

वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में दीप्ति शर्मा पांचवें पायदान पर

भारतीय ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन से आईसीसी महिला एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में एक स्थान के फायदे से पांचवें पायदान पर आ गई।

साभार : गूगल

दीप्ति के 665 रेटिंग अंक हैं और वह चौथे स्थान पर चल रही दक्षिण अफ्रीका की मारिजेन कैप से 12 अंक पीछे हैं। दीप्ति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच में आठ विकेट झटके थे जिसमें अंतिम मैच में 31 रन देकर छह विकेट भी है।

भारत ने यह एकदिवसीय श्रृंखला 3-0 से जीती थी। बल्लेबाजों की सूची में जेमिमा रोड्रिग्स 537 अंक के साथ शीर्ष 20 में जगह बनाने के करीब हैं। सीरीज में 29 और 52 रन की पारियां खेलकर वह चार स्थान के फायदे से 22वें स्थान पर हैं।

रिचा घोष भी सात स्थान के फायदे से 41वें पायदान पर हैं। उनके 448 रेटिंग अंक हैं। वेस्टइंडीज की चिनेल हेनरी तीसरे एकदिवसीय में अर्धशतक से 21 स्थान की लंबी छलांग के साथ 65वें स्थान पर हैं। सीरीज में दो अर्धशतक बनाने वाली स्टार भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (720 अंक) हालांकि एक स्थान के नुकसान से तीसरे स्थान पर आ गई। दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलवार्ट (773) और श्रीलंका की चामरी अटापट्टू (733) उनसे आगे हैं।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर तीन स्थान के नुकसान से 13वें स्थान पर हैं। वडोदरा में अपने करियर की सातवां एकदिवसीय शतक जड़ने वाली हेली मैथ्यूज छह स्थान के फायदे से बल्लेबाजी रैंकिंग में सातवें स्थान पर हैं।